उप मुख्यमंत्री ने कोरबा में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की, स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और अंगदान जैसी गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने क...
उप मुख्यमंत्री ने कोरबा में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की, स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और अंगदान जैसी गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
रायपुर, 22 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को कोरबा जिला मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के शेष कार्यक्रमों की तिथियां, रूपरेखा और आयोजन स्थल तय करते हुए सभी गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।
साव ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के लिए शासन, प्रशासन और आमजन का समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल भी मौजूद रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ की सराहना
उप मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों ने जिस उत्साह से भागीदारी की, वह अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
उन्होंने ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं ने चित्रकला और भाषण के जरिए देश के प्रति अपने विचार और कल्पनाएं साझा कीं। आगामी गतिविधियों में भी इसी उत्साह और सहभागिता को बनाए रखने के निर्देश दिए।
गांवों से शहरों तक होंगे सेवा के कार्यक्रम
साव ने कहा कि अभियान के तहत गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जाए। नदी-घाटों की सफाई, बड़े स्तर पर पौधरोपण, रक्तदान और अंगदान सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएं। इनमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने अभियान के शेष कार्यक्रमों की तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन स्थलों का समय पर चिन्हांकन करने को कहा। जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की तिथि, स्वरूप और स्थल की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
‘सेवा की कहानी’ के जरिए सामने आएगा बदलाव
उप मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से वास्तविक रूप से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियां अभियान को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेंगी।
साव ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने मुनादी, बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार माध्यमों से गांवों और शहरों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोग योजनाओं का लाभ ले सकें।
सभी वर्गों को जोड़ने पर जोर
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जाएं। उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों तक गतिविधियां पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments