23 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 155 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन; विकास के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा नगरीय निकायों के विकास के लिए ...
23 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 155 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन; विकास के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा
नगरीय निकायों के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होगी : अरुण साव
रायपुर, 23 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने बुधवार को सरायपाली की नई मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में करीब 175 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र में 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और 154 करोड़ 88 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना, एसटीपी और अमृत मिशन सहित विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत हुई। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान और छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक मौजूद रहे।
24 गांवों में पेयजल सुविधा का लोकार्पण
अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत रेट्रो फिटिंग एवं एकल ग्राम योजना के अंतर्गत 24 गांवों में पेयजल सुविधा से जुड़े 1818.61 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में 510 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किए।
उन्होंने एसटीपी निर्माण के लिए 10.21 करोड़ रुपए, जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 के तहत 139.55 करोड़ रुपए तथा 512 लाख रुपए के अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
समय पर पूरा होंगे विकास कार्य
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोई भी शुभ कार्य होता है तो इंद्रदेव का आशीर्वाद मिलता है। आज वर्षा के रूप में भी आशीर्वाद मिल रहा है। सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार जिस कार्य का भूमिपूजन करती है, उसका लोकार्पण भी उसी सरकार में होता है। विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के माथे पर नक्सलवाद का कलंक था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा ढाई वर्ष में करीब 12 हजार 666 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं।
सरायपाली के विकास में नहीं होगी पैसों की कमी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ सरायपाली का विकास भी तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। देश की दशा और दिशा बदलने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। सरायपाली के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में बिना भेदभाव सभी क्षेत्रों में विकास कार्य हो रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग को लेकर भी महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है और अब सर्वे का कार्य शुरू हो गया है।
विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ पानी की योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगात है। महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments