धमतरी में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया गया स्वागत धमतरी, 30 जुलाई 2026। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारं...
धमतरी में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया गया स्वागत
धमतरी, 30 जुलाई 2026। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर धमतरी के मराठा मंगल भवन में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और शाला गणवेश वितरित किए। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण किट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
लक्ष्य और सकारात्मक सोच से मिलती है सफलता: मंत्री वर्मा
जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में वैज्ञानिक, शिक्षक, चिकित्सक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ उन्हें हासिल करने का प्रयास करें।
मंत्री श्री वर्मा ने संत और तीन मजदूरों की प्रेरक कथा सुनाते हुए कहा कि किसी भी कार्य की महानता उसके उद्देश्य और सोच से तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि ज्ञान, संस्कार और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने नूतन विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंत्री ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर न्योता भोजन किया। इससे बच्चों में विद्यालय और शिक्षकों के प्रति अपनापन एवं उत्साह का वातावरण बना।
हर बच्चे तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार डिजिटल शिक्षा, बेहतर अधोसंरचना, छात्रवृत्ति और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यही सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिले में शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, अधोसंरचना विकास और समावेशी शिक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी ने विभागीय उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments