कई साल से मांग, मंत्री-अफसरों से गुहार के बाद भी नहीं निकला रास्ता; सर्व विंध्य समाज ने आंदोलन का लिया फैसला रायपुर। रायपुर से रीवा के बी...
कई साल से मांग, मंत्री-अफसरों से गुहार के बाद भी नहीं निकला रास्ता; सर्व विंध्य समाज ने आंदोलन का लिया फैसला
रायपुर। रायपुर से रीवा के बीच नई सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग अब आंदोलन का रूप लेने जा रही है। सर्व विंध्य समाज के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने घोषणा की है कि मांग पूरी नहीं होने पर वे 20 अगस्त 2026 से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। उनका कहना है कि रायपुर और विंध्य क्षेत्र के बीच बड़ी संख्या में लोगों का नियमित आवागमन है, लेकिन सीधी रेल सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
रायपुर से रीवा के बीच सीधी ट्रेन चलाने की मांग पिछले कई वर्षों से अलग-अलग सामाजिक संगठनों और विंध्य समाज के लोगों द्वारा उठाई जाती रही है। इस मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों, रेल विभाग के अधिकारियों और संबंधित मंत्रियों तक भी कई बार बात पहुंचाई गई। ज्ञापन सौंपे गए, मुलाकातें हुईं और रेल सुविधा की जरूरत बताई गई, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर में विंध्य क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं, वहीं शिक्षा, रोजगार, व्यापार और अन्य कारणों से दोनों क्षेत्रों के बीच लगातार आवागमन होता है। वर्तमान में सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरी ट्रेनों और मार्गों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे समय और खर्च दोनों बढ़ते हैं।
देवेंद्र तिवारी का कहना है कि लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से मांग उठाने के बावजूद जब समाधान नहीं हुआ तो अब आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि रायपुर-विंध्य क्षेत्र के हजारों यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही है।
कई बार उठी आवाज, फिर भी नतीजा शून्य
सर्व विंध्य समाज के अनुसार पिछले कई वर्षों में विभिन्न संगठनों और समाज के लोगों ने रायपुर-रीवा के बीच नई ट्रेन शुरू करने की मांग को लेकर रेल प्रशासन से लेकर मंत्रियों और अधिकारियों तक अपनी बात रखी। यात्रियों की संख्या, दोनों क्षेत्रों के बीच सामाजिक और व्यावसायिक संबंध तथा लगातार बढ़ते आवागमन को देखते हुए सीधी ट्रेन की आवश्यकता बताई गई। इसके बावजूद मांग पर अब तक कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई।
समाज का कहना है कि यदि पहले ही इस मांग पर गंभीरता से विचार किया जाता तो आज भूख हड़ताल की नौबत नहीं आती। अब 20 अगस्त से प्रस्तावित आंदोलन के बाद सरकार और रेलवे इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं, इस पर लोगों की नजर रहेगी।
सर्व विंध्य समाज ने स्पष्ट किया है कि जब तक रायपुर-रीवा सीधी ट्रेन की मांग पर ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन को आगे भी जारी रखने पर विचार किया जाएगा।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments