महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात रायपुर, 30 जुलाई 2026। राजधानी में जलभराव और अन्य जनसमस्...
महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात
रायपुर, 30 जुलाई 2026। राजधानी में जलभराव और अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए रायपुर नगर निगम को जल्द ही अतिरिक्त राशि मिलेगी। महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में नगर निगम के एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद और एल्डरमैन ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर शहर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
बैठक में महापौर मीनल चौबे ने वार्ड स्तर पर जलभराव, नाली निर्माण और अन्य आवश्यक विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लगभग 10 करोड़ रुपये तक के विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने और तत्काल स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
महापौर ने इसके लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रस्तावित कार्यों में सदर बाजार वार्ड क्रमांक-44 में अम्बा मंदिर एवं गद्दा लाइन के पास नाली निर्माण, भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक-67 में कराके बार से कुशालपुर चौक तक नाली निर्माण, शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक-58 में देवी लक्ष्मी हॉस्पिटल के पास नाली निर्माण, पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-9 में श्मशान घाट में शेड निर्माण और रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक-49 में श्रीराम मंदिर के पास नाला निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और आवश्यकताओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। नगर निगम भाजपा पार्षद दल के सचेतक आशु चंद्रवंशी ने सफाई व्यवस्था के केंद्रीयकरण को लागू करने से पहले विस्तृत समीक्षा की आवश्यकता बताई।
वहीं जोन अध्यक्षों ने जोनों के अधिकारों से जुड़े विषयों को रखा। जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने शहर के लिए अतिरिक्त फिल्टर प्लांट और नई पानी टंकियों की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, वित्त विभाग अध्यक्ष महेंद्र खोडियार, पार्षद प्रदीप वर्मा, स्वप्निल मिश्रा, एल्डरमैन मित्रसेन धीमान, ऋषि साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी जनप्रतिनिधियों के सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments