रायपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मचारियों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर नगर पालिक ...
रायपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मचारियों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला नगर निगम स्वास्थ्य विभाग इलेवन और रामकी कंपनी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 रनों से जीत दर्ज की।
निर्धारित 10 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नगर निगम स्वास्थ्य विभाग इलेवन ने 8 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामकी कंपनी इलेवन की टीम 54 रन पर सिमट गई। मैच पूरी तरह मैत्रीपूर्ण वातावरण में खेला गया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच टीम भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों पर कार्य का निरंतर दबाव रहता है, ऐसे आयोजनों से मानसिक तनाव कम होता है और आपसी तालमेल मजबूत होता है, जिसका सीधा लाभ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मिलता है।
इस अवसर पर खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, जोन-1 अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद राजेश देवांगन, स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी योगेश कडु, जोन-4 स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर तथा रामकी कंपनी के लोकल हेड योगेश कुमार सहित निगम एवं कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विजेता और उपविजेता टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मैत्री मैच से पूर्व स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने महिला स्वसहायता समूहों द्वारा संचालित झोला बैंक और बर्तन बैंक स्टॉल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शास्त्री बाजार की जय माता दी महिला स्वसहायता समूह एवं नेहरू नगर चांदनी चौक स्थित प्रगति महिला स्वसहायता समूह की पहल की सराहना करते हुए नागरिकों से प्लास्टिक उपयोग कम करने और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए झोला बैंक एवं बर्तन बैंक का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
नगर निगम की इस पहल को शहर में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments