NIT रायपुर के विशेषज्ञों ने खनन सुरक्षा प्रबंधन और रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग की दी जानकारी, कुलाधिपति गजराज पगारिया ने आयोजन की सराहना की...
NIT रायपुर के विशेषज्ञों ने खनन सुरक्षा प्रबंधन और रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग की दी जानकारी, कुलाधिपति गजराज पगारिया ने आयोजन की सराहना की
रायपुर। MATS विश्वविद्यालय, आरंग के MSEIT स्थित खनन अभियांत्रिकी विभाग की ओर से खनन सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम और रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को खनन क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों और दुर्घटनाओं की रोकथाम के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में दो विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। NIT रायपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार दाश ने भारतीय खनन उद्योग में दुर्घटना रोकथाम और सुरक्षा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने खनन क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों, जोखिम मूल्यांकन, कार्यस्थल पर खतरों की पहचान और सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग और सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने से खनन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और श्रमिकों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।
NIT रायपुर के खनन अभियांत्रिकी विभाग के फैकल्टी डॉ. मोहम्मद मनीब मसूद ने रिमोट सेंसिंग तकनीक के खनन क्षेत्र में उपयोग पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से खदानों की योजना बनाने, खनन गतिविधियों की निगरानी, भूमि उपयोग का आकलन और पर्यावरणीय प्रभावों का निरीक्षण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। इससे खनन कार्यों की दक्षता बढ़ाने के साथ सटीक निर्णय लेने और पर्यावरण अनुकूल खनन को प्रोत्साहन मिलता है।
शैक्षणिक ज्ञान और औद्योगिक जरूरतों के बीच समन्वय पर जोर
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को खनन उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से परिचित कराना और आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की समझ विकसित करना था। विशेषज्ञों के अनुभवों और सुझावों से विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को नई जानकारियां मिलीं। साथ ही तकनीकी शिक्षा को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का मिला मार्गदर्शन
कार्यशाला को विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया, कुलपति डॉ. के.पी. यादव, कुलसचिव श्री गोकुलानंद पांडा और निदेशक श्री बृजेश पटेल का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिला। कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया ने कार्यशाला के आयोजन पर खनन अभियांत्रिकी विभाग को बधाई दी और इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान एवं कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शाकार, डॉ. संदीप कुमार साहू, श्री चोमन आदिल और श्री लोकमान्य पटेल का विशेष योगदान रहा। विभाग ने आमंत्रित विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस दौरान खनन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और गुणवत्तापूर्ण एवं उद्योगोन्मुख तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। विश्वविद्यालय के खनन अभियांत्रिकी विभाग ने भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से तकनीकी ज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments