49 विभागों के 8 हजार अधिकारी जुड़े, 2.45 लाख शिकायतों में से 2.10 लाख का हो चुका है निराकरण रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नाग...
49 विभागों के 8 हजार अधिकारी जुड़े, 2.45 लाख शिकायतों में से 2.10 लाख का हो चुका है निराकरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इस डिजिटल पहल से लोगों को अब छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। टोल-फ्री नंबर के जरिए घर बैठे शिकायत दर्ज कराने और उसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हेल्पलाइन और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया है कि इसका उद्देश्य केवल शिकायतों को पोर्टल पर बंद करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री का संदेश- लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़े, यही सरकार की प्राथमिकता है। अच्छा काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, वहीं कमियों को सुधारने का अवसर दिया जाएगा। लगातार लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने हेल्पलाइन का मूल मंत्र संवेदनशीलता, समयबद्धता और समाधान बताया।
24 घंटे सेवा, 49 विभागों के अधिकारी जुड़े
सीएम हेल्पलाइन 1076 का कॉल सेंटर सातों दिन 24 घंटे संचालित होता है। इसमें राज्य शासन के 49 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं। कुल 1195 श्रेणियों में शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
अब तक हेल्पलाइन पर 2 लाख 45 हजार 376 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें से 2 लाख 10 हजार 649 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि 34 हजार 727 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। इस तरह कुल शिकायतों में से 85.85 प्रतिशत का समाधान हो चुका है।
इन समस्याओं की करा सकते हैं शिकायत
हेल्पलाइन पर आम नागरिक बिजली, राजस्व, शासकीय दस्तावेज, प्रशासनिक लापरवाही और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।
* बिजली संबंधी शिकायतें: जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदलना, बिजली कटौती और गलत बिल।
* राजस्व संबंधी मामले: नामांतरण, फौती, खाता विभाजन और जमीन की सीमांकन संबंधी देरी।
* शासकीय दस्तावेज: निवास और जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाणपत्रों के आवेदन में देरी या अनावश्यक निरस्तीकरण।
* प्रशासनिक लापरवाही: थाने या तहसील में सुनवाई नहीं होना और शिकायत दर्ज नहीं करना।
* जनहित की योजनाएं: राशन, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याएं।
शिकायतों पर कार्रवाई से लोगों को मिली राहत
सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण से कई जिलों में लोगों को सीधे राहत मिली है। पामगढ़ के ग्राम भवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर त्रुटि सुधारी गई और उनका कार्ड फिर से सक्रिय हुआ। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र के ग्राम चिखली के आश्रित ग्राम हड़फड़ में खराब सोलर पंप की क्रेडा विभाग ने कुछ ही घंटों में मरम्मत कर दी।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने आठ ट्रैक्टर जब्त किए। महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के ग्राम केंवटापाली निवासी खिरोद कुमार साव की इलेक्ट्रिक वाहन सब्सिडी से जुड़ी लंबित समस्या का परिवहन विभाग ने समाधान कर राशि उपलब्ध कराई।
जशपुर जिले के तपकरा में बुजुर्ग त्रिपुरारी शर्मा की बंद वृद्धावस्था पेंशन बहाल की गई। इसी क्षेत्र में ओमप्रकाश की शिकायत पर जल प्रदाय योजना के तहत नया मोटर लगाया गया, जिससे 200 परिवारों को पेयजल की सुविधा मिलने लगी। वहीं सरगुजा जिले के ग्राम करिया की 12वीं की छात्रा आराधना सिंह के आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधारी गई, जिससे उनकी उच्च शिक्षा की राह आसान हुई।
शिकायत से समाधान तक, जवाबदेही की व्यवस्था
सीएम हेल्पलाइन ने प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद की दूरी कम की है। शिकायत दर्ज होने पर आवेदक को यूनिक पंजीयन नंबर मिलता है। इसके माध्यम से शिकायत की स्थिति पर नजर रखी जा सकती है। उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग से संबंधित विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।
डिजिटल तकनीक के जरिए शासन को सीधे नागरिकों से जोड़ने वाली यह पहल बुजुर्गों की पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली और दस्तावेजों जैसी रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान में मददगार बन रही है। इसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की सेवाएं पहुंचाना और जनता का प्रशासन पर भरोसा मजबूत करना है।


" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments