भारत पर्व में साझा की बिहान से आर्थिक आत्मनिर्भरता की सफलता की कहानी, श्री अन्न के पारंपरिक व्यंजनों से देशभर में पहचान बना रहा छत्तीसगढ़ रा...
भारत पर्व में साझा की बिहान से आर्थिक आत्मनिर्भरता की सफलता की कहानी, श्री अन्न के पारंपरिक व्यंजनों से देशभर में पहचान बना रहा छत्तीसगढ़
रायपुर, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अब स्वरोजगार और उद्यमशीलता के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसकी एक प्रेरक झलक गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में देखने को मिली। यहां कोरिया जिले की महिला उद्यमी एवं मिलेट्स कैफे की संचालिका हीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू होने और अपनी सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि किस तरह छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मिलेट्स कैफे से 37 महिलाओं को मिला रोजगार
प्रधानमंत्री से संवाद के दौरान हीना ने बताया कि कोरिया जिले में संचालित मिलेट्स कैफे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। इस कैफे से 37 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से नियमित आय अर्जित कर रही हैं। सामूहिक प्रयास और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से महिलाएं स्वरोजगार की नई पहचान बना रही हैं।
उन्होंने बताया कि बिहान मिशन ने ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से संगठित होने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे उद्यम में बदलने का अवसर दिया है। कोरिया मिलेट्स कैफे इसी पहल का सफल उदाहरण है।
श्री अन्न के व्यंजनों से छत्तीसगढ़ी खानपान को मिल रही पहचान
हीना ने प्रधानमंत्री को बताया कि कोरिया मिलेट्स कैफे में मोटे अनाज यानी श्री अन्न से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इससे एक ओर मिलेट्स के उपयोग और पौष्टिक खानपान को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है।
भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों का विशेष स्टॉल लगाया गया है। यहां देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे आगंतुकों को स्थानीय अनाज से तैयार व्यंजनों के स्वाद से परिचित कराया जा रहा है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की खाद्य परंपरा, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है।
राष्ट्रीय मंच पर बढ़ा ग्रामीण महिला उद्यमियों का आत्मविश्वास
गुजरात के एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, महिला उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस आयोजन में कोरिया जिले की महिला उद्यमी हीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद का अवसर मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाओं, सामूहिक प्रयासों और महिलाओं की उद्यमशीलता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सकती है। कोरिया मिलेट्स कैफे आज न केवल 37 महिलाओं की आजीविका का आधार बना है, बल्कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खानपान और महिला सशक्तिकरण की पहचान भी बन रहा है।


" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments