आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने लिया शैक्षणिक भ्रमण में हिस्सा, विशेषज्ञों ने बताए भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व रायपुर...
आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने लिया शैक्षणिक भ्रमण में हिस्सा, विशेषज्ञों ने बताए भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व
रायपुर। MATS विश्वविद्यालय, रायपुर के समाज कार्य विभाग की ओर से पंडरी परिसर में मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन विषय पर अतिथि व्याख्यान एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आदर्श विद्यालय, टाटीबंधा के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनाव प्रबंधन के उपाय बताना और उच्च शिक्षा के अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. यादव ने मुख्य अतिथि डॉ. प्रकाश नारायण शुक्ला, संस्थापक एवं निदेशक, पीजीआईबीएएमएस का सम्मान किया। वहीं, समाज कार्य विभाग की ओर से विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज कुमार पांडेय, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, नैदानिक मनोविज्ञान विभाग, पीजीआईबीएएमएस का स्वागत किया गया।
सकारात्मक सोच और अनुशासन से मजबूत होगा मानसिक स्वास्थ्य
कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मानुशासन, नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली मानसिक स्वास्थ्य के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई का दबाव और विभिन्न चुनौतियां स्वाभाविक हैं। ऐसे में भावनात्मक दृढ़ता विकसित करना और तनाव से निपटने के स्वस्थ तरीके अपनाना जरूरी है।
शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंध समझाया
मुख्य अतिथि डॉ. प्रकाश नारायण शुक्ला ने शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नैतिक मूल्यों, संतोष और सकारात्मक जीवनशैली को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक तरीके समझाए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने, सकारात्मक संवाद बनाए रखने और मानसिक संतुलन के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम का आयोजन कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, कुलपति प्रो. (डॉ.) के.पी. यादव, प्रति-कुलपति डॉ. दीपिका धांढ, महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया, कुलसचिव श्री गोकुलानंद पांडा और समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना आर. तुपट के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
समाज कार्य विभाग ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय प्रबंधन, आमंत्रित अतिथियों, आदर्श विद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकगण और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने का संदेश दिया गया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments