——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

नशे के नेटवर्क की आखिरी कड़ी तक पहुंचें, कार्रवाई को मिशन बनाएं: विजय शर्मा

एनडीपीएस एक्ट पर राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला में बोले उप मुख्यमंत्री, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित कवर्धा, 13 सितंबर...



एनडीपीएस एक्ट पर राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला में बोले उप मुख्यमंत्री, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

कवर्धा, 13 सितंबर 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को रूटीन काम नहीं, बल्कि मिशन के रूप में लिया जाए। नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ने के साथ पुलिस आरोपियों के खिलाफ ऐसी मजबूत विवेचना करे, जिससे न्यायालय में दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सके। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कवर्धा में आयोजित एनडीपीएस एक्ट की राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला में कही।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कवर्धा में आयोजित कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्रवाई केवल तस्कर की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क, लोकेशन, आवागमन और नशीले पदार्थ के स्रोत की जानकारी जुटाकर तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने वैज्ञानिक, तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों का बेहतर इस्तेमाल कर प्रकरणों को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

गवाह न मिलें तो तकनीकी साक्ष्य का करें इस्तेमाल

विजय शर्मा ने कहा कि कई बार प्रकरणों में गवाह उपलब्ध नहीं हो पाते। ऐसी स्थिति में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय में सजा उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर ही तय होती है, इसलिए विवेचना अधिकारी द्वारा साक्ष्य जुटाने की गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने एनडीपीएस मामलों में प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और दोषसिद्धि से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जाए कि नशीला पदार्थ कहां से आया और कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई को सामने मौजूद आरोपी तक सीमित रखने के बजाय तस्करी की पूरी चैन तक पहुंचना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के कई मामलों में दूसरे राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। अवैध खेती और तस्करी के स्रोतों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की जमीनी सक्रियता और तकनीकी संसाधनों के समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जहां नशीले पदार्थों से जुड़े अवशेष या गतिविधियों की जानकारी मिले, वहां उसकी तस्दीक कराई जाए। जरूरत के अनुसार सूचना तंत्र मजबूत करने के साथ सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाए।

नशे के खिलाफ कार्रवाई समाज और युवाओं की सेवा

विजय शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश, समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी की सेवा है। पुलिस को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपने-अपने क्षेत्र को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करने के लिए ठोस परिणाम देने का आह्वान किया।

कार्यशाला में एनडीपीएस मामलों की विवेचना में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों, साक्ष्य संकलन, तकनीकी साक्ष्य, दस्तावेजी प्रक्रिया और न्यायालय में दोषसिद्धि के आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने आभार जताया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

कार्यशाला के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट विवेचना और आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव, एसपी जितेंद्र कुमार यादव सहित रेंज के पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी मौजूद रहे।


No comments