बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर रायपुर, 05 सितंबर 2026। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर...
बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर
रायपुर, 05 सितंबर 2026। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम सगुनी में विकास एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने यहां नव निर्मित रंगमंच और अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षकों का सम्मान किया गया तथा महिलाओं को पूरक आहार का वितरण भी किया गया।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नया आयाम देते हुए सर्वांगीण विकास की गति तेज की गई है। क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और ग्रामीण अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जा रही है।
260 गांवों और दो नगरपालिकाओं में विकास कार्यों को गति
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के लगभग 260 गांवों और दो नगरपालिकाओं में विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। विकास कार्यों का आवंटन बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पंचायत और गांव को समान रूप से विकास का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
स्कूलों और आंगनबाड़ियों का हो रहा सुदृढ़ीकरण
ग्रामीण बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना मजबूत की जा रही है। तिल्दा विकासखंड के 40 स्कूलों में अतिरिक्त कमरों तथा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूलों में पेयजल, बाउंड्री वॉल और शौचालय निर्माण के कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
हर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, खेल मैदान और सामुदायिक शेड निर्माण को भी प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और आम नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा।
50 गांवों में नई लाइटों के लिए दो करोड़ मंजूर
ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अधोसंरचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र के 50 गांवों में नई लाइटें लगाने के लिए दो करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर जारी कर दी गई है। इसके अलावा गांवों में मुक्तिधाम निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण और पिंडा-बूतरा निर्माण के कार्य भी प्रगति पर हैं।
मंत्री श्री वर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग के माध्यम से लगभग 15 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना को और मजबूती मिलेगी तथा गांवों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा।
17 सितंबर को दीप प्रज्वलित कर मनाने का आह्वान
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से दीप प्रज्वलित कर उत्साहपूर्वक आयोजन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments