अमृत सरोवर, बालिका शौचालय, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का लिया जायजा युक्तधारा, सिक्योर और क्लार्ट पोर्टल से कार्ययोजना तैयार करने तथा ...
अमृत सरोवर, बालिका शौचालय, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का लिया जायजा
युक्तधारा, सिक्योर और क्लार्ट पोर्टल से कार्ययोजना तैयार करने तथा गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश
रायपुर, 5 सितंबर 2026। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का जायजा लिया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और संचालन की जानकारी ली।
बालिका शौचालय निर्माण का निरीक्षण, श्रमिकों से की चर्चा
ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्री सिन्हा ने कार्य में लगे श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मजदूरी भुगतान से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सरोवर में स्व-सहायता समूह द्वारा की जा रही मछली पालन गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने समूह के सदस्यों से आयवर्धक गतिविधियों, आजीविका के साधनों और कार्यों की प्रगति पर चर्चा की तथा ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
क्यूआर कोड स्कैन कर देखी विकास कार्यों की जानकारी
आयुक्त श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत भवन में क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने क्लार्ट ऐप एवं युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित और स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी उन्होंने पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक से ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी निगरानी, समयबद्ध प्रगति और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चरमुड़िया आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं
भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री सिन्हा ने ग्राम पंचायत चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और संचालन की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
स्थानीय जरूरतों के आधार पर तैयार हो कार्ययोजना
भ्रमण के अंत में जनपद पंचायत कुरूद कार्यालय में कार्यक्रम अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने, कार्यों को सिक्योर एवं युक्तधारा पोर्टल में शामिल करने तथा स्वीकृति की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।
आयुक्त श्री सिन्हा ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत बारिश के दौरान और बारिश के बाद प्राथमिकता के आधार पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्यों का चयन किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना केवल औपचारिकता न होकर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उपयोगी, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बननी चाहिए। इसके लिए कार्यों की समयबद्ध स्वीकृति, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ग्राम पंचायतों में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति और प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का अधिकतम लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments