बिलासपुर स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव पर फोकस, बेहतर उपयोग के साथ पीपीपी मॉडल की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी रायपुर, 24 सि...
बिलासपुर स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव पर फोकस, बेहतर उपयोग के साथ पीपीपी मॉडल की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी
रायपुर, 24 सितंबर 2026। बिलासपुर स्मार्ट सिटी में तैयार की गई परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए अब स्पष्ट व्यवस्था तैयार की जाएगी। हर परियोजना की अलग मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाई जाएगी, जिसमें उसके बेहतर इस्तेमाल से लेकर लंबे समय तक संचालन और राजस्व सृजन का खाका शामिल होगा। जरूरत के अनुसार कुछ परियोजनाओं के संचालन में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में गुरुवार को बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के संचालक मंडल की 20वीं बैठक में इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बोरा ने परियोजनाओं को केवल तैयार करने के बजाय उनके प्रभावी संचालन, रखरखाव और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हर प्रोजेक्ट के लिए तय होगी जिम्मेदारी
बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार की जाए और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार काम हो। परियोजनाओं का नागरिकों द्वारा अधिक से अधिक उपयोग कैसे बढ़ाया जाए और उनसे राजस्व सृजन की क्या संभावनाएं हैं, इस पर भी काम करने को कहा गया।
जहां जरूरी हो, वहां पीपीपी मॉडल के विकल्पों पर आगे बढ़ने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही परियोजनाओं में किस अधिकारी या कर्मचारी की क्या जिम्मेदारी होगी, इसे स्पष्ट रूप से तय करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण से बढ़ेगी अमले की क्षमता
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के बेहतर संचालन के लिए मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर भी बैठक में चर्चा हुई। प्रमुख सचिव बोरा ने प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से अधिक लोगों को जोड़ने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण और व्यावहारिक कार्य अनुभव देने के निर्देश दिए।
बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बिलासपुर में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ उनके भविष्य के संचालन, रखरखाव और कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय अधोसंरचना को बेहतर बनाने से जुड़े विषय भी रखे गए।
एजुकेशन हब और जल परियोजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की उपलब्ध निधि से प्रस्तावित इस काम को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। जल संबंधी कार्यों को लेकर भी विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े अधिकारी
मंत्रालय से वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर और सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल शामिल हुए। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक अग्रवाल, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि सुजीत कुमार, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रकाश कुमार सर्वे सहित संचालक मंडल के अन्य सदस्य और अधिकारी ऑनलाइन बैठक से जुड़े।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments