प्रशासन की पूछताछ और पंचनामा में भी कर्ज की पुष्टि नहीं, खेती में बच्चों का सहयोग नहीं मिलने से परेशान रहने की बात सामने आई रायपुर, 24 सित...
प्रशासन की पूछताछ और पंचनामा में भी कर्ज की पुष्टि नहीं, खेती में बच्चों का सहयोग नहीं मिलने से परेशान रहने की बात सामने आई
रायपुर, 24 सितंबर 2026। कोरबा जिले के भैसमा तहसील के ग्राम बगबुड़ा निवासी 51 वर्षीय परदेशीराम कंवर की आत्महत्या के मामले में प्रशासन ने गुरुवार को परिजनों से पूछताछ कर मौके पर पंचनामा तैयार किया। तहसीलदार भैसमा, हल्का पटवारी, ग्राम सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान परिजनों ने कर्ज को आत्महत्या का कारण मानने से इनकार किया।
मृतक की पत्नी ननकी नोनी कंवर ने प्रशासन को दिए बयान में कहा कि आत्महत्या का मूल कारण कर्ज नहीं है। परिवार को आत्महत्या के स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं है। मृतक की बहू दुर्गा कंवर ने भी बताया कि परदेशीराम कंवर किसी तरह के कर्ज को लेकर परेशान नहीं थे।
खेती का काम खुद संभालते थे
परिजनों के अनुसार परदेशीराम कंवर खेती-किसानी का काम स्वयं संभालते थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। एक पुत्र और पुत्री विवाहित हैं, जबकि एक पुत्र मजदूरी करता है और दूसरा पढ़ाई कर रहा है।
परिजनों ने बताया कि खेती के काम में बच्चों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण परदेशीराम अक्सर परेशान रहते थे और परिवार में इस बात का जिक्र भी करते थे।
प्रशासन की जांच के दौरान उपलब्ध जानकारी और परिजनों के बयानों के आधार पर आत्महत्या के कारण के रूप में कर्ज की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में प्रशासन ने मौके पर पंचनामा तैयार कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी दर्ज की है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments