दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने किया सड़क निर्माण का भूमिपूजन, रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर बनेंगे भव्य प्रवेश द्वार; शहर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान...
दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने किया सड़क निर्माण का भूमिपूजन, रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर बनेंगे भव्य प्रवेश द्वार; शहर की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया स्वरूप
रायपुर, 24 सितंबर 2026। कवर्धा के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शहर के नए स्वरूप की नींव रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 54 करोड़ रुपए की लागत से 7.8 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में विकसित करने के काम का भूमिपूजन किया। नया मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने विकास कार्यों की कई अन्य घोषणाएं भी कीं।
चंद्रयान अस्पताल से शुरू होकर कवर्धा शहर के प्रमुख हिस्सों से होते हुए जोराताल के आगे तक बनने वाली फोरलेन सड़क में डिवाइडर भी बनाया जाएगा। रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इनका डिजाइन कवर्धा की धर्मनगरी वाली धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
दोनों दिशाओं में करीब तीन-तीन किलोमीटर सड़क का विकास
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि फोरलेन परियोजना के तहत रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर करीब तीन-तीन किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा। इससे शहर में प्रवेश और निकास की व्यवस्था बेहतर होगी तथा कवर्धा का बाहरी स्वरूप भी बदलेगा।
उन्होंने कहा कि कवर्धा में सड़क, शिक्षा, शहर विकास और धार्मिक-पर्यटन से जुड़े करीब 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। 4.5 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल पुस्तकालय की सुविधा मिलेगी। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से घोटिया रोड का निर्माण किया गया है।
भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
साव ने दिए 8 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपए, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपए, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपए और नगर पंचायत पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसके साथ ही विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को भी मंजूरी देने की घोषणा की गई।
साव बोले- जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पूरी होने की गारंटी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने संकल्पों को पूरा करने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो वर्ष के पुराने बोनस का भुगतान, महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता पारिश्रमिक में वृद्धि और पीएससी मामले की सीबीआई जांच जैसे संकल्प पूरे किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के माथे पर नक्सलवाद का जो कलंक था, उसे मिटाने की दिशा में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई और जवानों के साहस व परिश्रम से प्रदेश नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
साव ने कहा कि सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। अनेक काम शुरू हो चुके हैं और कई पूरे भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जा रहा है और गांव से शहर तक विकास कार्यों की गति बढ़ी है।
शर्मा बोले- सड़क, शिक्षा और पर्यटन से बदल रहा कवर्धा
विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के विकास में सड़क, शिक्षा और पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और विकास कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सांसद बोले- प्रवेश द्वार विकास की पहचान बनेंगे
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले दोनों भव्य प्रवेश द्वार केवल शहर की पहचान नहीं होंगे, बल्कि विकास के द्वार के रूप में भी सामने आएंगे। 54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली फोरलेन सड़क से कवर्धा का स्वरूप बदलेगा और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन सहित विभिन्न परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। खैरागढ़-कवर्धा और राजनांदगांव क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं से भी आवागमन बेहतर होने की बात उन्होंने कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments