खम्हरिया और उदयपुर में महतारी सदन का भूमिपूजन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा—महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन का बनेगा केंद्र रायपुर, 2 सितंबर...
खम्हरिया और उदयपुर में महतारी सदन का भूमिपूजन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा—महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन का बनेगा केंद्र
रायपुर, 2 सितंबर 2026। ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर और प्रतिभा के लिए मंच देने की दिशा में सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। अंबिकापुर क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया और ग्राम उदयपुर में महतारी सदन निर्माण का भूमिपूजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का सशक्त केंद्र बनेगा।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में माताओं-बहनों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महतारी सदन में महिलाएं बैठक, प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा सामाजिक और आर्थिक गतिविधियां संचालित कर सकेंगी। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा और हुनर को निखारने के साथ सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
हुनर को मिलेगा सही मंच
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में पारंपरिक कौशल और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और मंच देने की है। महिलाएं अपने हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेंगी तो इसका सीधा लाभ परिवार के साथ गांव की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा। महतारी सदन महिलाओं को संगठित करने, उनके कौशल को बढ़ावा देने और नई आजीविका गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला परिवार की मजबूती का आधार बनती है। जब महिलाएं अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी करती हैं तो परिवार की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है। महतारी सदन इसी दिशा में महिलाओं को सामाजिक सशक्तीकरण के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर देगा।
नारी सम्मान सरकार की प्राथमिकता
श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार नारी सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तीकरण को विकास की प्राथमिकता से जोड़कर काम कर रही है। प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को भी समान अवसर मिलें और वे आत्मविश्वास के साथ परिवार, समाज और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
खम्हरिया और उदयपुर में महतारी सदन का निर्माण स्थानीय मातृशक्ति के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। इन सदनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी गतिविधियां संचालित करने के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा और वे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को सामूहिक रूप से आगे बढ़ा सकेंगी।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने दोनों गांवों के क्षेत्रवासियों और मातृशक्ति को महतारी सदन की सौगात के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये सदन महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित होंगे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments