मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के नाम लिखा आत्मीय पत्र, अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को किया याद रायपुर, 4 सितंबर 2026। शिक्ष...
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के नाम लिखा आत्मीय पत्र, अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को किया याद
रायपुर, 4 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गुरुजनों के नाम आत्मीय पत्र लिखकर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों और संघर्षों को साझा करते हुए शिक्षा के बदलते स्वरूप का उल्लेख किया और शिक्षकों से आग्रह किया कि वे हर बच्चे के भीतर छिपी संभावनाओं को पहचानें। खासकर उन बच्चों का हाथ थामें, जो अभाव, संकोच या किसी अन्य कारण से पीछे छूट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि आज मुख्यमंत्री के दायित्व का निर्वहन करते हुए जब उन्हें प्रदेश के बच्चों के भविष्य और उनकी शिक्षा से जुड़े निर्णय लेने का अवसर मिलता है, तब बचपन और विद्यार्थी जीवन के वे दिन और अधिक याद आते हैं। जीवन कितना भी आगे बढ़ जाए, अपने शिक्षकों के प्रति आदर और कृतज्ञता का भाव कभी कम नहीं होता।
बगिया के छोटे स्कूल से शुरू हुआ शिक्षा का सफर
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि उनका जन्म जशपुर जिले के बगिया गांव के एक साधारण किसान परिवार में हुआ और गांव के स्कूल से ही शिक्षा की शुरुआत हुई। करीब दस वर्ष की उम्र में, जब वे चौथी कक्षा में पढ़ रहे थे, पिता का साया सिर से उठ गया। कम उम्र में ही परिवार, खेती और छोटे भाइयों की जिम्मेदारी उनके जीवन का हिस्सा बन गई।
गांव में पांचवीं तक पढ़ाई के बाद आगे की शिक्षा के लिए उन्हें कुनकुरी जाना पड़ा। वहां लोयोला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छोटे से कमरे में रहकर पढ़ाई की। आगे पढ़ने की इच्छा थी, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा जारी नहीं रख सके। उन्होंने खेती की जिम्मेदारी संभाली और छोटे भाइयों की पढ़ाई को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि उस समय गांव के बच्चे के लिए शिक्षा तक पहुंचना आज जितना सहज नहीं था। विद्यालय दूर होते थे, आवागमन के साधन सीमित थे, पढ़ाई के संसाधनों का अभाव था और आर्थिक कठिनाइयां भी कई बच्चों के सपनों की राह में बाधा बनती थीं।
स्लेट-तख्ती से स्मार्ट क्लास तक बदली शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पीछे मुड़कर देखने पर यह सुखद अनुभूति होती है कि शिक्षा की दुनिया कितनी बदल गई है। जिस समय उनकी पीढ़ी ने स्लेट, तख्ती और चॉक से पढ़ाई शुरू की थी, आज उसी छत्तीसगढ़ के बच्चे स्मार्ट क्लास में पढ़ रहे हैं। डिजिटल माध्यमों से दुनिया भर के ज्ञान तक उनकी पहुंच बनी है और वे विज्ञान व आधुनिक तकनीक से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ अंचलों में जहां कभी विद्यालय तक पहुंचना चुनौती हुआ करता था, वहां आज बेहतर विद्यालय, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और नए अवसर बच्चों तक पहुंच रहे हैं। शिक्षा में व्यापक बदलाव के बावजूद एक बात तब भी सत्य थी और आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है—शिक्षा का सबसे मजबूत आधार शिक्षक ही है।
तकनीक जानकारी देती है, शिक्षक आत्मविश्वास जगाता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक बच्चों को जानकारी दे सकती है, पुस्तकें ज्ञान दे सकती हैं और आधुनिक संसाधन सीखने की राह आसान कर सकते हैं, लेकिन बच्चे के भीतर आत्मविश्वास जगाने, उसकी प्रतिभा पहचानने, संस्कार गढ़ने और उसे अच्छा इंसान बनाने का सामर्थ्य एक संवेदनशील शिक्षक में ही होता है।
उन्होंने कहा कि उनके अपने जीवन में भी गुरुजनों से मिली सीख ने कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का साहस दिया। इसी कारण वे शिक्षक को केवल पाठ पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि जीवन की दिशा दिखाने वाला पथ-प्रदर्शक मानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि जिन अभावों और कठिनाइयों के कारण कभी किसी बच्चे की पढ़ाई रुक जाती थी, वे आज उसके सपनों के रास्ते में बाधा न बनें। कोई बच्चा केवल इसलिए पीछे न रह जाए कि उसका जन्म किसी छोटे गांव, वनांचल या दूरस्थ क्षेत्र में हुआ है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप छत्तीसगढ़ में शिक्षा को अधिक सहज, आधुनिक, व्यावहारिक और बच्चों की प्रतिभा के अनुकूल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मातृभाषा और स्थानीय भाषाओं में सीखने के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है तथा डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लास और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन क्षेत्रों में भी विद्यालयों की घंटियां फिर सुनाई दे रही हैं, जहां परिस्थितियों के कारण वर्षों तक स्कूल बंद रहे थे। यह बदलाव केवल भवन, तकनीक और सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर देने के संकल्प का हिस्सा है।
हर बच्चे में छिपी हैं अनगिनत संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा में बैठा हर बच्चा अपने भीतर अनगिनत संभावनाएं लेकर आता है। कोई भविष्य का वैज्ञानिक, खिलाड़ी, डॉक्टर, किसान, शिक्षक, कलाकार या जनसेवक बन सकता है। कई बार बच्चे को स्वयं अपनी क्षमता का पता नहीं होता, लेकिन शिक्षक की पारखी दृष्टि उसकी प्रतिभा पहचान लेती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक द्वारा दिया गया प्रोत्साहन का एक वाक्य भी किसी बच्चे को जीवनभर आगे बढ़ने की शक्ति दे सकता है।
पीछे छूट रहे बच्चे का हाथ जरूर थामिए
मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर गुरुजनों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि हर बच्चे के भीतर छिपी संभावना को पहचानें। विशेषकर उस बच्चे का हाथ अवश्य थामें, जो अभाव में है, संकोच में है या किसी कारण पीछे छूट रहा है। हो सकता है शिक्षक का थोड़ा-सा विश्वास उसके पूरे जीवन की दिशा बदल दे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चे के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संस्कार और क्षमताओं का विकास करना भी है।
गुरुओं से मिले संस्कार जीवन की पूंजी
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर वे मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि गांव के एक छोटे से स्कूल में पढ़ने वाले उस विद्यार्थी के रूप में भी सभी गुरुजनों के प्रति कृतज्ञ हैं, जिसने अपने शिक्षकों से मिले संस्कार और सीख को जीवन की पूंजी माना है।
उन्होंने कहा कि समय बदल रहा है, स्कूल बदल रहे हैं और पढ़ाने-सीखने के साधन भी बदल रहे हैं। आने वाले समय में आधुनिक तकनीक शिक्षा को और बदलेगी, लेकिन गुरु और शिष्य के बीच विश्वास, स्नेह और संस्कार का संबंध हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।
हर स्कूल बने सपनों का द्वार
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों से आह्वान किया कि मिलकर ऐसा छत्तीसगढ़ बनाएं, जहां हर स्कूल सपनों का द्वार बने, हर कक्षा संभावनाओं का संसार बने और हर शिक्षक अपने विद्यार्थी के जीवन में आशा का दीप जलाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के ज्ञान से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो, उनके संस्कारों से समाज समृद्ध हो और उनके मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए—यही उनकी कामना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी गुरुजनों को सादर नमन करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और यशस्वी जीवन की कामना की तथा सभी शिक्षकों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments