रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर 24 घंटे जांच; अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर होगी सख्त कार्रवाई रायपुर, 9 सितंबर 202...
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीमावर्ती चेकपोस्टों पर 24 घंटे जांच; अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर, 9 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों और गंभीर घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग भी अलर्ट हो गया है। प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है। आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा ने सभी मैदानी अधिकारियों और उड़नदस्ता टीमों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी
प्रदेश के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हवाई अड्डे और अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों में वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए नाकाबंदी और निगरानी बढ़ाई गई है। प्रत्येक जिले में उड़नदस्ते के अलावा विशेष जांच दल भी गठित किए गए हैं।
दुकानों और ढाबों पर औचक जांच
देशी-विदेशी शराब दुकानों में नॉन-ड्यूटी पेड शराब, लीकेज और मिलावटी शराब की जांच की जा रही है। होटल, ढाबों और अवैध अहातों पर भी दबिश देकर जब्ती की कार्रवाई तेज की गई है। वनांचल, नदी-नालों और संदिग्ध इलाकों में कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अवैध स्पिरिट के स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई
आबकारी विभाग के टोल-फ्री नंबर 14405, ‘मनपसंद ऐप’, समाचार पत्रों और आम नागरिकों से मिलने वाली अवैध शराब संबंधी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रोज होगी कार्रवाई की समीक्षा
जिलों और संभागों में चल रही कार्रवाई की दैनिक निगरानी के लिए राज्य स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक पूरे प्रदेश की समेकित रिपोर्ट आबकारी आयुक्त को सौंपेंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना तत्काल 14405 या ‘मनपसंद ऐप’ पर दें। साथ ही शराब की खरीद केवल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित मदिरा दुकानों से ही करने की अपील की गई है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments