तीन दिन चलेगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर; निवेश, रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार पर रहेगा फोकस रायपुर, 9 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर 18 से...
तीन दिन चलेगा 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर; निवेश, रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार पर रहेगा फोकस
रायपुर, 9 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर 18 से 20 सितंबर तक देशभर के उद्योगपतियों, उद्यमियों, निवेशकों और युवाओं की मेजबानी करेगी। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन होगा। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में छत्तीसगढ़ के लघु, मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन केवल उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें व्यापार, निवेश, रोजगार, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को एक मंच पर लाने की तैयारी है। उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शनी के साथ बीटूबी बैठकें, निवेशकों से संवाद, रोजगार मेला, विशेषज्ञों के सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख विचारक कृष्ण गोपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्तर के नीति-निर्माताओं और उद्योग प्रतिनिधियों की मौजूदगी से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय उद्योगों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार
फेयर में प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्यमियों को देशभर के उद्योगपतियों, खरीदारों, वितरकों और निवेशकों से संपर्क का अवसर मिलेगा। बीटूबी बैठकों के जरिए निर्माता, आपूर्तिकर्ता, खरीदार और निवेशक सीधे कारोबारी चर्चा कर सकेंगे। इससे नए बाजार, कारोबारी साझेदारी, तकनीकी सहयोग और निवेश के रास्ते खुलने की संभावना है।
युवाओं के लिए रोजगार मेला
इस बार रोजगार मेला भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योगों और कंपनियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं को उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे संवाद, साक्षात्कार और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी मिलेगी।
स्टार्टअप और नवाचार पर भी जोर
पारंपरिक उद्योगों के साथ स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को भी मंच मिलेगा। वे अपने उत्पाद और कारोबारी विचार निवेशकों और अनुभवी उद्यमियों के सामने रख सकेंगे। विशेषज्ञों के सत्र में उद्यमिता, तकनीक, बाजार विस्तार, व्यवसाय प्रबंधन और नवाचार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उद्योग के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ की संस्कृति
फेयर में औद्योगिक गतिविधियों के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान भी दिखाई देगी। तीनों दिन शाम को लोक कला, संगीत और नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इससे बाहर से आने वाले उद्योग प्रतिनिधियों और अतिथियों को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता के साथ उसकी संस्कृति से भी परिचित होने का अवसर मिलेगा।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
फेयर के जरिए छत्तीसगढ़ की खनिज, कृषि, वन उत्पाद, ऊर्जा, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, प्रौद्योगिकी, वाहन, निर्माण, लघु-मध्यम उद्योग और सेवा क्षेत्र की संभावनाओं को देश के सामने रखा जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ नए निवेश, व्यापार विस्तार और रोजगार सृजन के लिए वातावरण तैयार करना है।
18 से 20 सितंबर तक साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में होने वाला यह फेयर उद्योग, निवेश, रोजगार, तकनीक और नवाचार के लिए साझा मंच बनेगा।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments