रायपुर। राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदे...
रायपुर। राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच आवासीय क्षेत्रों, सड़कों, परिवहन, सार्वजनिक स्थलों, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं की दीर्घकालीन एवं वैज्ञानिक योजना जरूरी है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी। इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने और भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। इसलिए नए अधिकारियों के कंधों पर भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा सरकारी नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां हुई हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। नई औद्योगिक विकास नीति, रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पारदर्शी भर्ती, अब जनता को भी मिले वैसी ही व्यवस्था
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सुनियोजित शहरीकरण बेहद जरूरी है। एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से विभाग की पेशेवर क्षमता बढ़ेगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस पारदर्शिता और निष्पक्षता से उनकी भर्ती हुई है, उसी को अपनी कार्यशैली का आधार बनाएं। नक्शा स्वीकृति सहित किसी भी काम के लिए कार्यालय पहुंचने वाले नागरिकों को व्यवस्था में सरलता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता का अनुभव होना चाहिए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता को नई गति देगा। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments