रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रायपुर स्थित शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में पुलिस द्वारा...
रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रायपुर स्थित शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं और इंटर्न्स के लिए विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत आयोजित किया गया।
प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित और जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक पूरे प्रदेश में सात सप्ताह का “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के पहले सप्ताह में स्कूलों और कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में दंत चिकित्सा महाविद्यालय के छात्रों और इंटर्न्स को पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध के नए तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और बुनियादी साइबर सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित माध्यमों से देने के लिए प्रेरित किया गया।
सेल्फी से जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” से जोड़ा गया। छात्रों और इंटर्न्स को छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जारी लिंक पर जाकर अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उपस्थित युवाओं ने अपनी सेल्फी सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट कर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश अपने मित्रों और फॉलोअर्स तक पहुंचाया। अभियान में जनभागीदारी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
जनभागीदारी से साइबर सुरक्षित छत्तीसगढ़
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यापक “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया है। राज्य पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने भी प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सभी को मिलकर प्रदेश को साइबर सुरक्षित बनाने में योगदान देना होगा।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और इंटर्न्स ने पुलिस के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments