——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

नशे से दूर रहकर लक्ष्य और सफलता का जुनून अपनाएं युवा

कटघोरा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत चित्र प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम कटघोरा/कोरबा, 19 अगस्त। कटघोरा के शासकीय मुक...



कटघोरा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत चित्र प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम

कटघोरा/कोरबा, 19 अगस्त। कटघोरा के शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करने के लिए दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। युवाओं को नशे के बजाय अपने लक्ष्य और सफलता का जुनून अपनाना चाहिए।

नशा परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित

विधायक पटेल ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, सामाजिक संबंध और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

नगर पालिका परिषद कटघोरा के अध्यक्ष राज जायसवाल ने कहा कि यदि किसी चीज का नशा करना है तो पढ़ाई में आगे बढ़ने, लक्ष्य हासिल करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने का जुनून होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया।

चित्र प्रदर्शनी में दिखाए नशे के दुष्परिणाम

कार्यक्रम में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों को चित्रों एवं सूचना सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। ब्रह्माकुमारी बिंदु बहन ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

प्रभारी महाविद्यालय प्राचार्य एम.एम. जोशी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जागरूकता

दो दिवसीय आयोजन में चित्रकला, रंगोली, भाषण, निबंध एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवन, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। गीत एवं नाटक दल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशे से होने वाले नुकसान और इससे बचाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो के उप निदेशक रमेश जायभाये ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए जनभागीदारी और निरंतर संवाद की आवश्यकता बताई। संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के तकनीकी सहायक के.वी. गिरी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी, केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

No comments