दिशा समिति की बैठक में योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने के निर्देश गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 18 अगस...
दिशा समिति की बैठक में योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने के निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 18 अगस्त 2026। सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। श्री साहू ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर महिलाओं की आय बढ़ाने के निर्देश दिए।
आवास और सड़क कार्यों में तेजी
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग देने कहा। उन्होंने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाए जा रहे संपर्क मार्गों में आ रही बाधाओं को विभागीय समन्वय से दूर करने तथा सड़कों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
विष्णुभोग को मिले पहचान
श्री साहू ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने के साथ इसके प्रसंस्करण और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद को बाजार उपलब्ध होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
स्वच्छता और सिंचाई पर जोर
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने कहा। स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित वास्तविक और अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने कहा गया। श्री साहू ने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान चलाने, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
राजस्व प्रकरण जल्द निपटाएं
श्री साहू ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई तथा मध्यान्ह भोजन की स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करने कहा गया।
64 हजार से अधिक जॉबकार्ड परिवार
बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां बताईं।
बैठक में बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं। वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूहों से जुड़ी 18 हजार 148 दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण हो चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत गौरेला विकासखंड में स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
53 हजार हेक्टेयर में खरीफ बोनी
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में 58 हजार 693 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है।
जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है।
69 हजार घरों तक पहुंचा नल
आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 24 हजार 248 पात्र लोगों के कार्ड बनना शेष है। श्री साहू ने शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है। इनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन शामिल हैं।
जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं और कुल 1 लाख 16 हजार 319 राशन कार्डधारक हैं। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, नगर पालिका पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, जनपद पंचायत गौरेला के अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुशरो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments