पेण्ड्रा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू, पांचों संभागों के 540 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा पेण्ड्रा, 18 अगस्त 2026। रिमझ...
पेण्ड्रा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू, पांचों संभागों के 540 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
पेण्ड्रा, 18 अगस्त 2026। रिमझिम फुहारों के बीच खुशनुमा और उत्साहपूर्ण माहौल में मंगलवार को पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर 18 से 21 अगस्त तक चलने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह, आकर्षक मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।
प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 540 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार खेल विधाओं जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खेल भावना की दिलाई शपथ
उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सभी खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने, अनुशासन, निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आज खेल को देखने का नजरिया बदल गया है। खेल में हम या तो जीतते हैं या सीखते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल को ऐसे खेलें कि वह पढ़ाई बन जाए और पढ़ाई को ऐसे पढ़ें कि वह खेल बन जाए। श्री साहू ने खिलाड़ियों को तनाव और अवसाद से दूर रहकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चार खेलों में दिखेगा हुनर
चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक में बालक एवं बालिका, कबड्डी में बालिका, क्रिकेट में बालक तथा ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं जिम्नास्टिक हॉल, गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट की फिजिकल कॉलेज मैदान और गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो की जनपद सभागार पेण्ड्रा तथा कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में आयोजित की जा रही हैं।
रंगीन पोशाकों में मार्चपास्ट
उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों का मार्चपास्ट आकर्षण का केंद्र रहा। केसरिया, पीला, नीला, हरा, लाल और सफेद रंग की आकर्षक पोशाकों में खिलाड़ियों की टुकड़ियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों के जोश और उमंग से पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
15 लाख से बनेगा मंच
कार्यक्रम में कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। फिजिकल कॉलेज मैदान में भविष्य में खेल एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बड़े और सुसज्जित मंच के निर्माण की घोषणा की गई। सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने 10 लाख रुपये और विधायक श्री अटल श्रीवास्तव ने 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह मंच निर्माण के लिए कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा हुई।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता से संबंधित खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आयोजक मंडल की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी खेल कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना की सीख भी हासिल करेंगे।
उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष श्री शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत मरवाही अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुशरो, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित रहे।




" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments