——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

तस्वीरों में दिखा छत्तीसगढ़, ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी, फोटो जर्नलिस्टों का सम्मान रायपुर, 19 अगस्त। विश्व फोटोग्राफी दिवस...




विश्व फोटोग्राफी दिवस पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी, फोटो जर्नलिस्टों का सम्मान

रायपुर, 19 अगस्त। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। प्रदर्शनी में प्रेस फोटो जर्नलिस्टों के साथ प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। तस्वीरों के जरिए छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, परंपरा और जनसरोकार से जुड़े विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी को चार श्रेणियों में सजाया गया है। ‘प्रकृति एवं पर्यावरण’ श्रेणी की तस्वीरों में छत्तीसगढ़ का प्राकृतिक सौंदर्य नजर आया, वहीं ‘संस्कृति एवं परंपरा’ में लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दी। ‘समाचार एवं जनसरोकार’ श्रेणी में फोटो जर्नलिस्टों ने महत्वपूर्ण घटनाओं और सामाजिक मुद्दों को तस्वीरों के माध्यम से सामने रखा है।

इस वर्ष प्रदर्शनी को व्यापक रूप देते हुए रायपुर प्रेस क्लब के गैर-सदस्य प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों के लिए भी ओपन श्रेणी रखी गई है। इसमें 35 से अधिक प्रतिभागियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।

तस्वीर इतिहास को सुरक्षित करती है : जायसवाल

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि फोटोग्राफी केवल कैमरे से तस्वीर खींचने का काम नहीं, बल्कि किसी महत्वपूर्ण पल को इतिहास के लिए सुरक्षित करने की कला और जिम्मेदारी है। विशेष रूप से फोटो पत्रकारिता में कई बार परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं और फोटो जर्नलिस्ट को कुछ ही क्षणों में यह तय करना पड़ता है कि कौन-सा पल महत्वपूर्ण है और उसे किस एंगल से कैमरे में कैद किया जाए।

उन्होंने कहा कि अच्छी तस्वीर के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ सही समय की पहचान, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और परिस्थितियों को समझने की दृष्टि जरूरी है। कई बार शब्दों में कही गई बात को एक तस्वीर कुछ ही क्षणों में लोगों तक पहुंचा देती है। यही फोटो पत्रकारिता की ताकत है।

मंत्री ने रायपुर प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्टों का अनुभव नई पीढ़ी तक पहुंचता है और युवा व शौकिया फोटोग्राफरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है।

तस्वीर पत्रकारिता की अधूरी खबर को पूरा करती है : मोहन तिवारी

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि ‘दृश्य संवाद’ केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय से संवाद करने का प्रयास है। फोटो जर्नलिस्टों के बिना पत्रकारिता अधूरी है। किसी खबर को जीवंत और प्रभावी बनाने में तस्वीर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि एक सशक्त तस्वीर को कई बार लंबे कैप्शन की जरूरत नहीं होती। तस्वीर स्वयं पूरी खबर कहने की क्षमता रखती है। कैमरे में कैद किया गया एक क्षण आने वाले समय में उस घटना का महत्वपूर्ण दस्तावेज बन जाता है। उन्होंने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब आने वाले वर्षों में भी विश्व फोटोग्राफी दिवस पर इस तरह की प्रदर्शनी और फोटो पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी, राजकुमार चतुर्वेदी, नरेंद्र बंगाले, प्रदीप डडसेना, पंकज चौहान, फोटो जर्नलिस्ट प्रकोष्ठ के संयोजक दीपक पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और फोटो जर्नलिस्ट मौजूद रहे।

तीन दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ प्रदर्शनी में दर्शक छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, समाज और घटनाक्रम को तस्वीरों के माध्यम से एक अलग नजरिए से देख सकेंगे।

No comments