रायपुर। गंज थाना पुलिस ने बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर ...
रायपुर। गंज थाना पुलिस ने बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से सतना का रहने वाला है। मामले में पुलिस को एक पूर्व बैंक कर्मचारी की भूमिका के बारे में भी अहम जानकारी मिली है।
पुलिस के मुताबिक, गंज थाने में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) में मामला दर्ज किया गया है। बैंक की आंतरिक जांच के बाद शाखा प्रबंधक ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि बिलासपुर निवासी वरिष्ठ नागरिक ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 14 लाख 97 हजार 451 रुपए 32 पैसे ट्रांसफर और निकाले गए।
ऐसे बदला गया खाते का मोबाइल नंबर
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऐसे खाते को निशाना बनाया, जिसमें लंबे समय से ज्यादा लेन-देन नहीं हो रहा था। ग्राहक के वरिष्ठ नागरिक होने का भी फायदा उठाया गया। डिप्टी मैनेजर कुलदीप ने खाते से जुड़ी जानकारी अपने एक साथी से साझा की, जो पहले एक्सिस बैंक में कर्मचारी रह चुका है। इस पूर्व कर्मचारी ने सुषमा कुमार के नाम से फर्जी ग्राहक आवेदन पत्र तैयार कर बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा।
डिप्टी मैनेजर ने इस आवेदन को बैंकिंग प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाते हुए खाते में दर्ज ग्राहक का मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक का मोबाइल ऐप सक्रिय कर खाते की लेन-देन सीमा बढ़ाई और योगेश येडे के खाते को लाभार्थी के रूप में जोड़ दिया।
एफडी तोड़कर खाते से निकाली पूरी रकम
मोबाइल नंबर बदलने के बाद खाते में जमा एफडी को बंद कर उसकी रकम बचत खाते में ट्रांसफर की गई। इसके बाद करीब 14.97 लाख रुपए योगेश येडे के इंडियन सेल्स नामक खाते में भेजे गए। बाद में पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से स्वयं के चेक के जरिए दो बार में रकम नकद निकाली गई।
बैंक रिकॉर्ड से खुला पूरा मामला
शिकायत के बाद पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड, ई-मेल, मोबाइल ऐप की गतिविधियों, लेन-देन और नकद निकासी से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। पूछताछ में डिप्टी मैनेजर ने एक अन्य पूर्व एक्सिस बैंक कर्मचारी की भूमिका की जानकारी दी है। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और रकम के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। आरोपी डिप्टी मैनेजर को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments