ग्वालियर स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस में हुई वारदात; युवक-युवती हिरासत में, बोले- बच्ची अच्छी लगी इसलिए साथ ले आए ग्वालियर। ग्वालियर रे...
ग्वालियर स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस में हुई वारदात; युवक-युवती हिरासत में, बोले- बच्ची अच्छी लगी इसलिए साथ ले आए
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर डेढ़ साल की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला पुलिस ने महज कुछ घंटों में सुलझा लिया। 3 अगस्त की रात बुंदेलखंड एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला का ध्यान भटकाकर एक युवक बच्ची को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस की टीमों ने तत्काल जांच शुरू की। स्टेशन और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में संजय राय और शिवानी राय को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रयागराज जा रही अनीता नामक महिला अपनी डेढ़ साल की बच्ची के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला का ध्यान भटकाकर बच्ची को लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक और एक महिला बच्ची को स्कूटी पर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधीनगर स्थित पीर मोहब्बत दरगाह के पास एक अपार्टमेंट में दबिश देकर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में संजय राय और शिवानी राय ने खुद को पति-पत्नी बताया, लेकिन वे शादी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि संजय पहले से शादीशुदा है और पिछले पांच वर्षों से अपनी पहली पत्नी से अलग रह रहा है। वहीं शिवानी भी अपने पहले पति से अलग होकर पिछले पांच साल से संजय के साथ रह रही थी।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दावा किया कि उन्हें बच्ची अच्छी लगी, इसलिए वे उसे अपने साथ ले आए। हालांकि पुलिस इस बयान को अंतिम मानने के बजाय सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपियों का किसी संगठित गिरोह से संबंध तो नहीं है या फिर उन्होंने बच्ची को अपने पास रखने की नीयत से ही वारदात को अंजाम दिया।
बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments