एनटीपीसी लारा में छात्राओं को साइकिल और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें वितरित, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रायपुर, 30 जुलाई 2026। वित्त मं...
एनटीपीसी लारा में छात्राओं को साइकिल और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें वितरित, वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
रायपुर, 30 जुलाई 2026। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वित्त मंत्री गुरुवार को रायगढ़ स्थित एनटीपीसी लारा में आयोजित “कनेक्टिंग सोसायटी : एक कदम विकसित भारत की ओर” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शासकीय माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को साइकिल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें वितरित कीं। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
उन्होंने एनटीपीसी की सामाजिक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्था केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के गांवों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। एनटीपीसी के सीएसआर मद से प्रभावित नौ ग्राम पंचायतों में करीब एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
वित्त मंत्री ने एनटीपीसी प्रबंधन से आग्रह किया कि प्रभावित गांवों के विद्यार्थियों के लिए नियमित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि उन्हें आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम सहित अन्य राष्ट्रीय संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के चयनित होने पर उनकी पढ़ाई का खर्च सीएसआर के माध्यम से उठाने की दिशा में भी पहल की जाए।
अपने अनुभव साझा करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि वे स्वयं ग्रामीण परिवेश और शासकीय विद्यालय से पढ़कर आईएएस बने हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए सही दिशा, लक्ष्य निर्धारण और लगातार मेहनत जरूरी है।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। नालंदा परिसर के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं पुसौर और सरिया में 100-100 बिस्तरों वाले अस्पताल तथा नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
वित्त मंत्री ने एनटीपीसी प्रबंधन से विद्यालय की क्षमता 400 से बढ़ाकर 800 विद्यार्थियों तक करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश और समाज के विकास में योगदान दें।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments