रायपुर, 29 जुलाई। रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने बुधवार को नगर निगम के जोन-8, जोन-9 और जोन-10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा ...
रायपुर, 29 जुलाई। रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने बुधवार को नगर निगम के जोन-8, जोन-9 और जोन-10 के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नालों पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जाए। महापौर ने यह भी चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जोन-8 की समीक्षा बैठक में महापौर ने विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को वार्ड पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जोन-9 की बैठक में पार्षदों ने वार्ड क्रमांक-8 समेत कई क्षेत्रों में नालों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के कारण जल निकासी प्रभावित होने की जानकारी दी। पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नियमों के विपरीत निर्माण किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में रीबाउंस बिल्डिंग के पास निर्माणाधीन टिन शेड पर अधूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई का मामला भी सामने आया। महापौर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि कोई निर्माण अवैध है तो कार्रवाई बीच में नहीं रोकी जा सकती। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर शेष कार्रवाई तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए।
जोन-10 की समीक्षा में देवपुरी स्कूल परिसर, वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर, काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी, महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स, काली नहर, संतोषी नगर और विशाल नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्याओं पर चर्चा हुई। महापौर ने इन सभी स्थानों पर स्थायी समाधान के लिए तकनीकी सर्वे, जियो टैगिंग और आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शुरू करने के निर्देश दिए। महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स और काली नहर क्षेत्र में लगभग 18 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने को भी कहा गया।
संतोषी नगर मुख्य मार्ग स्थित शुभम के मार्ट के पास नालों में अवैध छेड़छाड़ के मामले में महापौर ने तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जोन के सभी चिन्हित जलभराव वाले स्थलों की समस्या अधिकतम दो सप्ताह के भीतर दूर की जाए।
अतिक्रमण के मामलों में महापौर ने निर्देश दिए कि नियमानुसार तीन नोटिस जारी करने के बाद तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य मार्गों, फिर अधिक पार्किंग दबाव वाले क्षेत्रों और उसके बाद अन्य स्थानों पर अभियान चलाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने दोहराया कि शहर में अवैध निर्माण, नालों पर अतिक्रमण और जल निकासी व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और व्यवस्थित शहरी विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठकों में विभिन्न जोनों के अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षद, जोन आयुक्त तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments