रायपुर। छत्तीसगढ़ के पांच नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने 149 संविद...
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पांच नए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने 149 संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर), जांजगीर-चांपा और कबीरधाम मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक तथा सीनियर रेजीडेंट के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जारी विज्ञापन के अनुसार प्राध्यापक के 35, सह-प्राध्यापक के 40, सहायक प्राध्यापक के 50 तथा सीनियर रेजीडेंट के 24 पदों पर भर्ती की जाएगी। ये नियुक्तियां एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फोरेंसिक मेडिसिन और सामुदायिक चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों में की जाएंगी।
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय के अनुसार अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के प्रचलित मानकों तथा ‘मेडिकल इंस्टीट्यूशन (फैकल्टी क्वालिफिकेशन) विनियम-2025’ के अनुरूप शैक्षणिक योग्यता, शिक्षण अनुभव और शोध कार्य की पात्रता पूरी करनी होगी। साथ ही किसी राष्ट्रीय अथवा राज्य चिकित्सा परिषद में वैध जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है।
आवेदन पत्रों की जांच के बाद पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साक्षात्कार चिकित्सा शिक्षा संचालक की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा प्रत्यक्ष अथवा ऑनलाइन माध्यम से लिया जाएगा। अंतिम चयन साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।
अभ्यर्थी आवेदन एवं विस्तृत नियमों की जानकारी चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जून के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments