——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

सेवा संकल्प से 2028 की तैयारी तक भाजपा का मेगा प्लान, रायपुर में हुई प्रांतीय समीक्षा बैठक

दो करोड़ दीयों से लाभार्थी संपर्क तक, 90 विधानसभा में सेवा ज्योति यात्रा के जरिए संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी रायपुर, October 4, 2...



दो करोड़ दीयों से लाभार्थी संपर्क तक, 90 विधानसभा में सेवा ज्योति यात्रा के जरिए संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी

रायपुर, October 4, 2026: भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को सेवा संकल्प अभियान की प्रांतीय समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अब तक हुए कार्यक्रमों का रिपोर्ट कार्ड सामने रखा गया और आने वाले कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा एक तरफ सेवा गतिविधियों को विस्तार दे रही है, तो दूसरी तरफ 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को अभी से सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाती नजर आ रही है.

आशीर्वाद का दीया बना शक्ति प्रदर्शन

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है. 17 सितंबर को आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड सहभागिता का दावा करते हुए उन्होंने इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति संकल्प का प्रतीक बताया. भाजपा के लिए यह आयोजन सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों को एक साथ जोड़ने वाला बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम बन गया.



बीजेपी सांसद और मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडे (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

सेवा के जरिए जनता से लगातार संपर्क का संदेश

किरण देव ने सेवा ही संगठन के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही. राजनीतिक नजरिए से देखें तो भाजपा सेवा गतिविधियों को संगठन और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के माध्यम के तौर पर आगे बढ़ा रही है. चुनाव के दौरान होने वाले सामान्य जनसंपर्क से अलग, पार्टी की कोशिश दिखाई दे रही है कि कार्यकर्ता पूरे पांच साल जनता के बीच सक्रिय रहें और संगठन की मौजूदगी चुनाव से पहले ही मजबूत हो जाए.

कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया 2028 का टारगेट

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सत्ता में आकर समाज में परिवर्तन करती है और सेवा के माध्यम से लोगों तक पहुंचती है. कोरोना काल में कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर मदद करने का उदाहरण देते हुए उन्होंने संगठन के कामों के जरिए जनता तक पहुंचने की अपील की. साथ ही 2028 के चुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान किया. उनके संदेश में साफ तौर पर यह संकेत रहा कि अगला विधानसभा चुनाव अभी दूर जरूर है, लेकिन भाजपा की संगठनात्मक तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है.


लाभार्थी ही बनेंगे भाजपा के बड़े जनसंपर्क का आधार

महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने सेवा संकल्प अभियान के जरिए लाखों परिवारों, युवाओं, महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क की बात कही. उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. भाजपा की मौजूदा राजनीति में लाभार्थी संपर्क एक अहम रणनीतिक आधार बन चुका है.

विचारधारा से संगठन तक भाजपा का फोकस

झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने भाजपा को विचारधारा आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता जनसेवा को प्रभु सेवा मानकर काम करते हैं. उन्होंने देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सेवा भाव से सहयोगी के रूप में पहुंचते हैं.


दो करोड़ दीयों का दावा, लाखों लोगों तक पहुंच

सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने अभियान के आंकड़े सामने रखे. उनके मुताबिक आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ में करीब दो करोड़ दीये जलाए गए. आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों और निजी संस्थानों तक कार्यक्रम पहुंचने का दावा किया गया.


स्कूलों और आंगनबाड़ियों तक संगठन की पहुंच

'मेरे सपनों का भारत' चित्र, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता के तहत प्रदेश के 46,441 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 32 लाख 24 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई. वहीं 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम के तहत 31,066 आंगनबाड़ियों में कार्यक्रम हुआ, जिसमें 13,01,116 प्रतिभागियों की भागीदारी बताई गई और 1,31,602 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा का फोकस समाज के अलग-अलग वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर नजर आता है.


दो लाख से ज्यादा लाभार्थियों से संपर्क

वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा यानी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा के तहत दो लाख से अधिक लाभार्थियों से संपर्क किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई. सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले परिवारों से सीधा संवाद कर पार्टी अपने पक्ष में एक स्थायी सामाजिक और राजनीतिक नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रही है.


7 अक्टूबर को 90 विधानसभा में शक्ति प्रदर्शन

सेवा ज्योति यात्रा के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में एक साथ सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी. शक्तिकेंद्रों और मंडलों के मुख्यालय से होते हुए यात्रा विधानसभा केंद्रों तक पहुंचेगी. प्रत्येक विधानसभा के लिए ज्योति कलश रथ तैयार किया जा रहा है. विधानसभा केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव भाषण के लिए एलईडी मंच और स्थान भी तय किए जा चुके हैं.


90 विधानसभा में एक साथ सक्रिय होगा संगठन

सेवा ज्योति यात्रा का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश इसका प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में एक साथ होना है. इसका मकसद केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि विधानसभा से लेकर मंडल और शक्तिकेंद्र तक संगठन की सक्रियता को परखना भी माना जा सकता है.


2028 से पहले भाजपा का ग्राउंड कनेक्ट मिशन

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, कोर कमेटी के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, जिला प्रभारी और मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे. कुल मिलाकर सेवा संकल्प अभियान की यह समीक्षा बैठक भाजपा की मौजूदा राजनीति और भविष्य की चुनावी रणनीति के बीच एक कड़ी के रूप में सामने आती है. दो करोड़ दीयों के दावे से लेकर लाखों विद्यार्थियों और आंगनबाड़ी प्रतिभागियों तक पहुंच, दो लाख से अधिक लाभार्थियों से संपर्क और अब 90 विधानसभा में सेवा ज्योति यात्रा इन तमाम कार्यक्रमों का एक साझा लक्ष्य दिखाई देता है, संगठन को जनता के बीच लगातार सक्रिय रखना.

No comments