रायपुर, 13 सितंबर। बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संज्ञान ल...
रायपुर, 13 सितंबर। बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित वातावरण की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। यदि जांच में शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने का प्रयास या जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनकी जवाबदेही भी तय की जाएगी।
सभी बालिका छात्रावासों का नियमित निरीक्षण
सीएम ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थानों में अधीक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की नियमित जांच हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को अपनी बात रखने के लिए ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी भय और संकोच के शिकायत कर सकें। केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने के बजाय नियमित निरीक्षण, बच्चों से संवाद और सतत निगरानी के जरिए ऐसी घटनाओं को रोकने की व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्राओं से दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या डराने-धमकाने की शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग और पुलिस आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। जरूरत पड़ने पर पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां निर्भय होकर पढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें, इसके लिए सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। बच्चों की सुरक्षा के मामले में लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments