केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा- पोषण, स्वच्छता और बच्चों की देखभाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रायपुर, 27 सितंबर ...
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा- पोषण, स्वच्छता और बच्चों की देखभाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम
रायपुर, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत भिलाई के सेक्टर-7 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे महिलाओं और बच्चों को पोषण, खान-पान और टीकाकरण की जानकारी भी देती हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छे काम के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं को और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है। बच्चों के अभिभावकों का सहयोग भी जरूरी है। अभिभावक बच्चों को नियमित आंगनवाड़ी केंद्र भेजें और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में सहयोग करें।
पोषण और स्वच्छता पर जोर
राज्यमंत्री ने कहा कि पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और कम वजन वाले तथा कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार के महत्व को लेकर जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तो परिवार भी मजबूत होगा। बच्चों को पर्याप्त पोषण और उचित देखभाल देकर उनके बेहतर भविष्य की नींव रखी जा सकती है।
उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं से पोषण, स्वच्छता और शासन की योजनाओं के प्रति आसपास की महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की।
छह लोगों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में सहयोग के लिए कार्यकर्ता संगीता खड़से और गुरमीत कौर, सहायिका कामिन साहू और डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुन्तला तथा आंगनवाड़ी में सहयोग के लिए डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मिलेट्स से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके जरिए मोटे अनाज के पोषण महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए न्योता भोज भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र कौशिक, पुरुषोत्तम देवांगन, महिला मोर्चा भिलाई की अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक रेणुका श्रीवास्तव, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार साहू सहित विभागीय अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments