‘हर घर मुनगा’ अभियान का पीएम मोदी ने किया उल्लेख; सीएम बोले- जनभागीदारी के प्रयासों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख...
‘हर घर मुनगा’ अभियान का पीएम मोदी ने किया उल्लेख; सीएम बोले- जनभागीदारी के प्रयासों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक प्रयासों और स्थानीय नवाचारों को राष्ट्रीय मंच मिलता है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांकेर सहित बस्तर का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। उनके अनुसार सुरक्षा और शांति का वातावरण मजबूत होने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में विकास के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पोषण के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख पोषण से जुड़े प्रयासों के संदर्भ में किया गया।
लामकन्हार को 85 लाख के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में कुल 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय और प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।
विद्यालय परिसर में लगाया अमरूद का पौधा
‘मन की बात’ के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments