——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

खड़गवां से ‘सक्षम एमसीबी सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज

स्वास्थ्य मंत्री ने किया वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, 30 सितंबर को खड़गवां होगा क्षय रोग मुक्त घोषित 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ...



स्वास्थ्य मंत्री ने किया वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, 30 सितंबर को खड़गवां होगा क्षय रोग मुक्त घोषित

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान

रायपुर, 5 सितंबर 2026। एमसीबी जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ ‘सक्षम एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां से शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वृहद स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार का लाभ लिया।

अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल अस्पतालों और बड़े स्वास्थ्य केंद्रों तक सीमित रखने के बजाय गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो सके और उन्हें नियमित जांच व आवश्यक उपचार की सुविधा नजदीक ही मिल सके।

पंजीयन से दीप प्रज्वलन तक मंत्री ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले सेवा संकल्प अभियान के पंजीयन काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया और शिविर में आने वाले लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद विभिन्न रोगों और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभागवार स्टॉलों का निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जांच, उपचार और परामर्श की जानकारी ली।

इसके बाद मंत्री ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर वृहद स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।

वंदे मातरम और राष्ट्रगान से गूंजा परिसर

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’, राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राजकीय गीत प्रस्तुत किया गया। गीतों की धुन से पूरा परिसर गूंज उठा। अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों ने सावधान की मुद्रा में सहभागिता निभाई। इसके बाद स्वागत समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

एक ही जगह मिली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं

वृहद स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर चिकित्सा, स्त्री रोग, शिशु रोग, हृदय रोग, अस्थि रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, कान-नाक-गला, दंत रोग और भौतिक चिकित्सा सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर सहित गैर-संचारी रोगों की जांच की गई। महिलाओं और किशोरियों का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।

30 सितंबर को खड़गवां होगा क्षय रोग मुक्त

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आगामी 30 सितंबर को जनपद खड़गवां को क्षय रोग मुक्त घोषित किया जाएगा। क्षय रोग के उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाकर बीमारी की समय पर पहचान और उपचार को प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने खड़गवां, चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समितियों में कार्य करने वाले लोगों की अथक मेहनत और परिश्रम का परिणाम है। स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जीवन दीप समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा स्वास्थ्य अभियान

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार स्वास्थ्य शिविर और स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान व्यापक स्तर पर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी।

जिन मरीजों को बेहतर और विशेष उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें संबंधित स्थान पर भेजकर सरकार द्वारा उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि बीमारी की गंभीरता के कारण कोई जरूरतमंद उपचार से वंचित न रहे।

चिरमिरी में 30 सितंबर से तीन दिवसीय शिविर

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जिसका समापन 2 अक्टूबर को होगा। ‘सक्षम एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर और जांच अभियान आयोजित कर गंभीर बीमारियों की पहचान की जाएगी और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन शिविर लगाना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाना और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

मानसिक चिकित्सालय और गहन चिकित्सा सुविधा जल्द

मंत्री ने बताया कि मानसिक चिकित्सालय को आगामी एक-दो माह के भीतर शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में एक माह के भीतर गहन चिकित्सा इकाई की सेवा शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।

जनवरी-फरवरी तक चिरमिरी रेलवे परियोजना शुरू होने की जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जनवरी या फरवरी तक चिरमिरी रेलवे स्टेशन की बड़ी रेलवे परियोजना शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से जिले में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने पर जोर दिया।

‘स्वास्थ्य का साथ-एमसीबी रहेगा हर दम खास’ संदेश के साथ शुरू हुआ यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचेगा। इसका लक्ष्य हर गांव तक स्वास्थ्य सेवा, हर घर में स्वास्थ्य जागरूकता और हर व्यक्ति को समय पर जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।


No comments