——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : साय

एनएसएस स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा- सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के संस्कार दे रही राष्ट्रीय सेवा योजना सेवा संकल्प अभियान में ...



एनएसएस स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा- सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के संस्कार दे रही राष्ट्रीय सेवा योजना

सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं स्वयंसेवक, स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नशामुक्ति को बनाएं जनआंदोलन

रायपुर, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एनएसएस के सभी स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ ने किया।

सेवा को जनआंदोलन बनाएं एनएसएस स्वयंसेवक

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएसएस देश के लाखों युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला व्यापक अभियान बन चुका है। इससे जुड़े युवा समाज की समस्याओं को समझने, जिम्मेदारी लेने, टीम के साथ काम करने और समाधान के लिए आगे आने का संस्कार सीखते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा का कोई काम छोटा नहीं होता। गांव में स्वच्छता की पहल, जरूरतमंद के लिए रक्तदान, पौधा लगाकर उसकी देखभाल, जल संरक्षण के लिए जागरूकता या किसी व्यक्ति को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना भी बड़े सामाजिक बदलाव की नींव बन सकता है।

साय ने एनएसएस स्वयंसेवकों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। एनएसएस के युवा स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। भर्ती परीक्षाओं में युवाओं का भरोसा मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है तथा नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए वर्षाकाल के बाद रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।

8.25 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव

साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8 लाख 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और कई परियोजनाओं पर धरातल में काम शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नीति में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है। इससे आने वाले वर्षों में रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

नालंदा परिसरों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बेहतर माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को आवश्यक संसाधन और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर है। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। यहां युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण, पुस्तकें और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या भौगोलिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली युवा के सपने में बाधा न बनें।

2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बनना चाहिए। राज्य सरकार स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।

नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के जरिए युवाओं को उद्यमिता, कौशल और नई तकनीकों से जोड़ा जा रहा है।

6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण

साय ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों की भूमिका आने वाले समय में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन समेत हर क्षेत्र में बढ़ेगी। इसलिए प्रदेश के युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।

156 खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के अनुरूप सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की बड़ी भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार और सेवा भावना विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा देने का सशक्त मंच है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है और शिक्षा को रोजगार तथा कौशल से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

समारोह में उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चम्पावत, आयुक्त रीता यादव सहित राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।


No comments