——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

शिक्षा से ही आगे बढ़ने का रास्ता, शिक्षक गढ़ते हैं भविष्य: सीएम साय

बेमेतरा में 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, शहर में 2 करोड़ के गौरव पथ और तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन की घोषणा...



बेमेतरा में 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, शहर में 2 करोड़ के गौरव पथ और तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन की घोषणा

बेमेतरा, 13 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा जरूरी है और इसमें शिक्षक की भूमिका सबसे अहम है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों को संस्कार, सही दिशा और आत्मविश्वास देकर उनका भविष्य गढ़ते हैं। इसी से समाज और राष्ट्र के विकास की नींव मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड और महाविद्यालयीन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी विद्यार्थियों को सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र दिए गए।

हर बच्चे को समान अवसर देने पर जोर

सीएम साय ने कहा कि बदलती तकनीक और समय के साथ शिक्षा का स्वरूप भी बदल रहा है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा देने के साथ उन्हें भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करना जरूरी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि गांव या शहर और आर्थिक स्थिति के कारण कोई बच्चा अवसरों से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी संस्थाओं से उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई दिल्ली में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए तैयारी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

आर्थिक स्थिति प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा न बने, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और अन्य प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल शिक्षित युवा तैयार करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, कुशल और सक्षम युवा तैयार करना है, जो विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

बेमेतरा को 2 करोड़ का गौरव पथ, तिवरिया में बनेगा सब-स्टेशन

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने और ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकता है।

जल संरक्षण के कामों को भी सम्मान

समारोह में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए किए गए कार्यों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में ले जाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद को बचाना आने वाली पीढ़ियों की जरूरत है। सरकार के प्रयासों के साथ जनभागीदारी जुड़ने से बड़े बदलाव संभव हैं। समारोह में ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, जबकि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों से शासन की सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कुशल युवा, मजबूत गांव और विकसित शहर जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए 17 सितंबर की शाम प्रदेशवासियों से अपने घरों में एक दीप जलाकर सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च रहा है। शिक्षक ज्ञान का प्रकाश फैलाकर नई पीढ़ी को सही दिशा देते हैं। उनके ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से समाज और राष्ट्र का भविष्य तैयार होता है।

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति में आत्मविश्वास पैदा करती है, लेकिन इसके साथ संस्कार भी जरूरी हैं। शिक्षक बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


No comments