सारंगढ़ की शिक्षिका-साहित्यकार का चयन, शिक्षक दिवस पर राजभवन में राज्यपाल करेंगे सम्मानित रायपुर, 03 सितंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले क...
सारंगढ़ की शिक्षिका-साहित्यकार का चयन, शिक्षक दिवस पर राजभवन में राज्यपाल करेंगे सम्मानित
रायपुर, 03 सितंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मान बढ़ाते हुए शिक्षिका एवं साहित्यकार प्रियंका गोस्वामी का चयन प्रतिष्ठित श्री गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान-2026 के लिए किया गया है। शिक्षा, साहित्य और नवाचार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं निरंतर योगदान को देखते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन, रायपुर में राज्यपाल द्वारा उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
वर्ष 2025 में राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित हो चुकीं प्रियंका गोस्वामी ने कक्षा-शिक्षण में नवाचारों को अपनाने के साथ-साथ साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। दूरस्थ क्षेत्रों में जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाने से लेकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तक उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
शिक्षा के साथ खेल, कला और साहित्य से जोड़ा
प्रियंका गोस्वामी विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ खेल, कला, साहित्य, सांस्कृतिक गतिविधियों, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर जोर देती रही हैं। बच्चों में पठन-पाठन के प्रति रुचि जगाने, आत्मविश्वास बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए। इसके साथ ही विद्यालय में समयबद्धता और अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए बच्चों में नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का बीजारोपण भी किया।
“हर बच्चे में विशेष प्रतिभा, जरूरत उचित अवसर देने की”
शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी का मानना है कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उस प्रतिभा को सही समय पर पहचानकर बच्चे को उचित अवसर देने की है। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उनके इसी दृष्टिकोण तथा निरंतर योगदान ने उन्हें राज्य के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने की उपलब्धि दिलाई है।
प्रियंका गोस्वामी के चयन पर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, स्थानीय साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों एवं सहयोगियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments