‘मन की बात’ में गूंजा छत्तीसगढ़ का ‘हर घर मुनगा’ अभियान रायपुर, 27 सितंबर 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को नया र...
‘मन की बात’ में गूंजा छत्तीसगढ़ का ‘हर घर मुनगा’ अभियान
रायपुर, 27 सितंबर 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को नया रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में जनभागीदारी, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रयासों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने सितंबर माह को पोषण और कुपोषण के खिलाफ जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुनगा यानी मोरिंगा को खान-पान में शामिल करने के लिए प्रदेश में चलाए जा रहे प्रयासों की चर्चा की।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की इस पहल का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय संसाधनों के जरिए पोषण को बढ़ावा देने और जनभागीदारी से चलाए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि मुनगा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पोषणयुक्त संसाधन है। ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान के जरिए इसे लोगों के दैनिक खान-पान का हिस्सा बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाई जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा अभियान का उल्लेख होने से पोषण के प्रति जनजागरूकता और लोगों की भागीदारी को और गति मिलने की उम्मीद है।
अग्रवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में चल रहे जनहितकारी प्रयासों को व्यापक मंच देने का माध्यम बना है। छोटे-छोटे स्थानीय प्रयास जब जनभागीदारी से जुड़ते हैं तो उनका प्रभाव व्यापक हो सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी पहलों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments