वाराणसी में संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ; महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बनेगी छतरी, पार्कों की होगी बाउंड्...
वाराणसी में संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ; महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बनेगी छतरी, पार्कों की होगी बाउंड्रीवॉल
abernews . मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित 'समरसता संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और संत परंपरा के सम्मान को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने जाति और भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना की थी। उन्होंने रविदास जी की प्रसिद्ध पंक्ति "ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसें..." का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 81 करोड़ लोगों को बिना किसी भेदभाव के मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जो संत रविदास के विचारों को धरातल पर उतारने का उदाहरण है।
सपा पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उसकी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम हटा दिया था, जिसे उनकी सरकार ने दोबारा बहाल किया। उन्होंने बताया कि औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है।
भदोही का नाम फिर होगा 'संत रविदास नगर'
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भदोही को फिर से 'संत रविदास नगर' के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर यह फैसला उनके प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक होगा। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर बनेगी छतरी
योगी ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं बिना छतरी के हैं, वहां सरकार अपने खर्च पर छतरी का निर्माण कराएगी। साथ ही, जिन पार्कों का नाम इन महापुरुषों के नाम पर है और जहां बाउंड्रीवॉल नहीं है, वहां सुरक्षा के लिए सरकार अपने खर्च पर बाउंड्रीवॉल भी बनवाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए बजट की व्यवस्था कर दी गई है और कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
जोड़ने की राजनीति का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर एयरपोर्ट का नाम संत रविदास और अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज को बांटने वाली मानसिकता ऐसे फैसलों का विरोध करती है, जबकि उनकी सरकार समाज को जोड़ने और संत परंपरा को सम्मान देने का काम कर रही है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments