रायपुर, 29 जुलाई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को उत्सव का स्वरूप देने के उद्देश्य से 30 जुलाई को धमतरी के मराठा मंगल भवन में सुबह 11 बजे जि...
रायपुर, 29 जुलाई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को उत्सव का स्वरूप देने के उद्देश्य से 30 जुलाई को धमतरी के मराठा मंगल भवन में सुबह 11 बजे जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेशोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा होंगे।
प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया जाएगा। साथ ही बच्चों को पाठ्यपुस्तकें, शाला गणवेश (यूनिफॉर्म) और शैक्षणिक किट वितरित की जाएंगी। सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भी प्रदान की जाएंगी, जिससे उनकी पढ़ाई और आवागमन सुगम हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण से होगी। इसके बाद विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण और सामग्री वितरित की जाएगी।
समारोह में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, छात्र-छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
बच्चों के लिए विशेष रूप से ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया गया है, ताकि उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत यादगार बन सके। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनापन, उत्साह और आत्मविश्वास का भाव विकसित करना है।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों तथा आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का गरिमापूर्ण स्वागत करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा स्कूलों में तनावमुक्त और आनंददायक शिक्षण वातावरण तैयार करना है। यह आयोजन राज्य सरकार की हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments