स्कूल कार्यक्रम में छात्राओं से बोले- जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा, 100 करोड़ के सीएम राइज स्कूल की भी घोषणा इंदौर। नए शैक्षणिक सत्र 2026 क...
स्कूल कार्यक्रम में छात्राओं से बोले- जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा, 100 करोड़ के सीएम राइज स्कूल की भी घोषणा
इंदौर। नए शैक्षणिक सत्र 2026 की शुरुआत पर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शासकीय माता अहिल्या स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जागरूकता, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आज के समय में अपनी पहचान छिपाकर या नाम बदलकर धोखाधड़ी और अपराध करने वाले लोगों से सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूक और आत्मविश्वासी छात्राएं ही अपने भविष्य को सुरक्षित रख सकती हैं।
अपने संबोधन में विजयवर्गीय ने कहा कि कुछ लोग फर्जी पहचान के जरिए मासूम लड़कियों को निशाना बनाते हैं, इसलिए किसी पर भरोसा करने से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से मानसिक रूप से मजबूत रहने और किसी भी प्रकार के छलावे से बचने की अपील की।
कार्यक्रम में उन्होंने नशे के खिलाफ भी कड़ा संदेश दिया। छात्राओं से कहा कि यदि आसपास कहीं नशा होता दिखे तो उसका विरोध करें। रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बहनें अपने भाई को राखी तभी बांधें, जब वह नशा न करता हो। यदि भाई नशे का आदी है तो उसे अपनी गलती का एहसास कराने के लिए भगवान को राखी बांधें, ताकि वह नशा छोड़ने का संकल्प ले सके।
मंत्री ने छात्राओं को सुबह माता-पिता का आशीर्वाद लेने, पौष्टिक भोजन करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक छात्रा से कम से कम एक पौधा लगाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना भगवान शिव का मंदिर बनाने जितना पुण्य का कार्य है।
कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने छात्राओं के साथ गीत भी गाया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र-1 के शासकीय स्कूलों में वाटर कूलर, फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक 'सीएम राइज स्कूल' स्थापित करने की घोषणा भी की, ताकि सरकारी स्कूलों में निजी विद्यालयों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments