15 अगस्त तक ऐप को पूरी तरह दुरुस्त करने का लक्ष्य, 85 प्रतिशत शिक्षक रोज दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति रायपुर, 30 जुलाई 2026। स्कूल शिक्षा मंत...
15 अगस्त तक ऐप को पूरी तरह दुरुस्त करने का लक्ष्य, 85 प्रतिशत शिक्षक रोज दर्ज कर रहे ऑनलाइन उपस्थिति
रायपुर, 30 जुलाई 2026। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि वीएसके ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर है। ऐप में तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि तकनीकी कारणों से किसी को भी परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वीएसके ऐप में आ रही एरर और अन्य तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 15 अगस्त तक ऐप की सभी तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, जिससे शिक्षक आसानी से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से वीएसके ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कर रहे हैं। करीब 85 प्रतिशत शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना डिजिटल व्यवस्था को अपनाने की दिशा में सकारात्मक पहल है।
मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षकों के सहयोग और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में शिक्षण कार्य ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने में डिजिटल तकनीक के माध्यम से भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी और प्रभावी बनाया जाएगा। सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी समस्या के कारण ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी आती है, तो उसके हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी। किसी भी शिक्षक को ऐप की तकनीकी खामी का नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे नियमित रूप से वीएसके ऐप का उपयोग जारी रखें और किसी भी तकनीकी समस्या या सुधार संबंधी सुझाव को विभाग तक पहुंचाएं, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाया जा सके।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments