दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन बंद होने से थी परेशानी, शिकायत के बाद हुआ त्वरित समाधान रायपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल आम न...
दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन बंद होने से थी परेशानी, शिकायत के बाद हुआ त्वरित समाधान
रायपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। जशपुर जिले के ग्राम गिरालडीह निवासी राम साय के लिए सेवा सेतु बड़ी राहत लेकर आया। आधार कार्ड निष्क्रिय होने से महीनों से रुकी शासकीय योजनाओं की सुविधा उन्हें दोबारा मिलने लगी है।
तकनीकी कारणों से पिछले करीब पांच-छह महीनों से राम साय का आधार कार्ड निष्क्रिय हो गया था। इसके कारण उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। उनकी दिव्यांग पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन भी बंद हो गई थी, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए राम साय ने सेवा सेतु के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही सेवा सेतु टीम ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई और उनका आधार कार्ड पुनः सक्रिय कर दिया।
आधार कार्ड सक्रिय होने के बाद अब राम साय को दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ फिर से मिलने लगा है। समस्या का समाधान होने पर उन्होंने खुशी जताते हुए सेवा सेतु टीम और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
राम साय ने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी पहल से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण संभव हो रहा है।
सेवा सेतु पहल का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों तक सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। यह पहल प्रदेशभर में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments