बैंक शाखाओं को बताया विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच का मजबूत माध्यम रायपुर, 30 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ में इंडियन ओवर...
बैंक शाखाओं को बताया विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच का मजबूत माध्यम
रायपुर, 30 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नई शाखा का उद्घाटन करते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बैंकिंग सेवाओं के विस्तार से स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकों के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था को अधिक परिणाममुखी बनाने के लिए स्पष्ट दिशा और लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बदलती आर्थिक परिस्थितियों में बैंकों की भूमिका केवल जमा और ऋण तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है।
श्री चौधरी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन के तहत देश का पहला राज्य पेंशन फंड और ग्रोथ एंड स्टेबिलिटी फंड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार वित्तीय अनुशासन और बेहतर प्रबंधन के साथ बैंकिंग संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य कर रही है।
उन्होंने इंडियन ओवरसीज बैंक की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ने जगरगुंडा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में शाखा खोलकर वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने बैंक से रायगढ़ जिले के तमनार, लैलूंगा, धरमजयगढ़ और कापू जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी बैंकिंग सेवाओं के विस्तार का आग्रह किया।
वित्त मंत्री ने नई शाखा से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में बैंक सहयोग कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बैंक शाखाएं केवल वित्तीय लेन-देन का केंद्र नहीं होतीं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना, डीबीटी, स्टार्टअप, स्टैंडअप सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम भी हैं।
श्री चौधरी ने विश्वास जताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बैंक की नई शाखा के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments