रायपुर, 29 जुलाई। खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को खाद, बीज, ऋण और अन्य कृषि सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी जिले में 22...
रायपुर, 29 जुलाई। खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को खाद, बीज, ऋण और अन्य कृषि सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी जिले में 22 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का संचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही जिले में अब कुल 96 सक्रिय सहकारी समितियां 370 ग्राम पंचायतों के 653 गांवों के किसानों तक सीधे पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही हैं।
रिकॉर्ड खाद-बीज वितरण से किसानों को राहत
जिले में इस खरीफ सीजन के दौरान अब तक 29,060 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 1,500 मीट्रिक टन अधिक है। बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार गत वर्ष की अपेक्षा 5,000 मीट्रिक टन अधिक उर्वरक का भंडारण भी किया गया है।
इसी तरह किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए सहकारी समितियों के माध्यम से 12,432 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए गए हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1,400 क्विंटल अधिक है।
कृषि ऋण वितरण में भी बढ़ी रफ्तार
किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के मामले में भी धमतरी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। ₹350 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले अब तक ₹317 करोड़ का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹265 करोड़ का ऋण वितरित हुआ था, जबकि इस वर्ष किसानों को करीब ₹57 करोड़ अधिक वित्तीय सहायता मिली है।
फसल बीमा के लिए पंजीयन जारी
प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीयन जारी है। योजना के अंतर्गत धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी, रागी और मूंगफली जैसी फसलें शामिल हैं। किसान अपनी निकटतम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), बीमा कंपनी के पोर्टल या ऐप अथवा पटवारी और कृषि अधिकारियों के माध्यम से बीमा करा सकते हैं।
टोल फ्री हेल्पलाइन भी उपलब्ध
किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 भी जारी किया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य सहकारी समितियों के विस्तार, खाद-बीज की निर्बाध उपलब्धता, रिकॉर्ड कृषि ऋण वितरण और फसल बीमा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले के प्रत्येक किसान को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments