रायपुर, 27 जून। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में पर्यटन एवं संस्कृत...
रायपुर, 27 जून। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। लखनपुर (अंबिकापुर) में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर मीट में उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम प्रदेश के पर्यटन को विश्व पटल तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी मंच बन चुके हैं।
मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स से संवाद करते हुए कहा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और समाज को नई पहचान दिलाने का सशक्त उपकरण है। उन्होंने युवाओं से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक आस्था केंद्रों, लोक संस्कृति और जनजातीय जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियों को रचनात्मक ढंग से देश-दुनिया तक पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, रामगढ़, मैनपाट, बारसूर, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा जैसे पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, लोककला और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।
राजेश अग्रवाल ने स्वच्छता को पर्यटन विकास की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला बताते हुए कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल ही पर्यटकों पर स्थायी छाप छोड़ते हैं। उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
मंत्री ने 29 और 30 जून को सरगुजा के ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ केवल सरगुजा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। डिजिटल माध्यमों से इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण तथा पर्यटन स्थलों पर आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स ने भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नई और रचनात्मक शैली में प्रस्तुत करने, सकारात्मक सामग्री तैयार करने, स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा, पर्यटन विभाग के अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लूएन्सर्स उपस्थित रहे।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments