रायपुर, 07 मई 2026 / छत्तीसगढ़ में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सुदृढ़ करने के लिए राज्य शासन द्वारा निरंतर ठोस प्रयास किए जा र...
रायपुर, 07 मई 2026 / छत्तीसगढ़ में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सुदृढ़ करने के लिए राज्य शासन द्वारा निरंतर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन और नवीन भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम ताम्बेश्वरनगर में नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज द्वारा इस भवन का शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र में बच्चों और माताओं को अब बेहतर और व्यवस्थित सेवाएं मिल सकेंगी।
ताम्बेश्वरनगर आंगनबाड़ी केंद्र में वर्तमान में 0 से 6 वर्ष तक के 54 बच्चे, 3 गर्भवती महिलाएं तथा 1 धात्री माता सहित कुल 58 हितग्राही पंजीकृत हैं। पूर्व में यह केंद्र पंचायत भवन में संचालित हो रहा था, जहां स्थान और संसाधनों की कमी के कारण बच्चों की शैक्षणिक व खेल गतिविधियों तथा मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नवीन भवन के निर्माण से अब आंगनबाड़ी केंद्र को एक सुरक्षित, स्वच्छ और समुचित वातावरण प्राप्त हुआ है। यहां बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और खेल गतिविधियों का बेहतर अवसर मिलेगा, वहीं गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और योजनाओं का लाभ नियमित रूप से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस अवसर पर सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि बच्चों और महिलाओं का स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है। आंगनबाड़ी केंद्र न केवल पोषण सेवाओं का माध्यम हैं, बल्कि यह बच्चों के भविष्य को संवारने की पहली पाठशाला भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर आंगनबाड़ी सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नवीन आंगनबाड़ी भवन के लोकार्पण से ताम्बेश्वरनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। यह पहल राज्य में मातृ एवं शिशु कल्याण को नई दिशा देने के साथ-साथ ग्रामीण विकास की मजबूत नींव को भी और सुदृढ़ करेगी।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments