नोएडा. Yogi Adityanath ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने KDSG सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवस...
नोएडा. Yogi Adityanath ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा में 200 करोड़ रुपये की लागत से बने KDSG सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और अब हर जिले में मेडिकल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश की पहचान कानून-व्यवस्था और माफियाओं के कारण होती थी, लेकिन अब प्रदेश की दिशा बदल चुकी है। उन्होंने कहा, “पहले ‘एक जनपद एक माफिया’ की चर्चा होती थी, लेकिन आज सरकार ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम कर रही है।” उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 1,300 करोड़ रुपये की राशि प्रदेश भर के मरीजों के इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में मौजूद क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी Kapil Dev का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट के मैदान में देश का नाम रोशन किया और अब सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि कपिल देव शुरुआत से ही “पाकिस्तान जैसी बीमारी के डॉक्टर” रहे हैं और जब उनकी गेंदबाजी शुरू होती थी तो पाकिस्तान की हार लगभग तय मानी जाती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र हर नागरिक के जीवन से जुड़ा हुआ विषय है। हर व्यक्ति को अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य की चिंता रहती है, इसलिए सरकार का प्रयास है कि लोगों को भरोसेमंद और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मरीज के साथ डॉक्टर का अच्छा व्यवहार भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, क्योंकि कई बार मरीज की आधी बीमारी अच्छे व्यवहार से ही दूर हो जाती है।
सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार की Ayushman Bharat Yojana के तहत पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के सभी को इलाज की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर निवेश किया जा रहा है। बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और आधुनिक अस्पताल प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सुविधाएं और बेहतर सेवाएं ही किसी भी व्यवस्था की सफलता का मूलमंत्र होती हैं।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments